RAIPUR. भानुप्रतापपुर विधानसभा में उप चुनाव के परिणाम जारी होने के बाद पहली बार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बयान दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने यहां सत्ता का दुरुपयोग किया है। साथ ही कांग्रेस ने षड्यंत्र करके जीत प्राप्त किया है।

कांकेर जिले की भानुप्रतापपुर विधानसभा के लिए हुए उपचुनाव में मिली हार के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भानुप्रतापपुर में कांग्रेस ने षड्यंत्र सहानुभूति और सत्ता का दुरुपयोग कर चुनाव जीता है।

गुजरात, हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने और भानुप्रतापपुर उपचुनाव में मिली हार के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने आज पहली बार मीडिया से चर्चा की। साव ने चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भानुप्रतापपुर चुनाव के परिणाम से यह साबित हो गया है कि आदिवासी समाज का विश्वास कांग्रेस पर नहीं है।

हर वर्ग कांग्रेस से खासा नाराज चल रहा है। अरुण साव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने षड्यंत्र सहानुभूति और सत्ता का दुरुपयोग कर भानुप्रतापपुर में चुनाव को जीता है। उन्होंने कहा कि चार साल बाद भी कांग्रेस की ऐसी कोई खासी उपलब्धि नहीं है जिसके आधार पर चुनाव जीता जा सके। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए अरुण साव ने कहा कि वहां के मतदाताओं ने रिवाज को अपनाया है।
साव ने कांग्रेस और छत्तीसगढ़ सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा जनहित के मुद्दों को लगातार उठा रही है। छत्तीसगढ़ की जनता को समझ में आ गया है छत्तीसगढ़ का भविष्य बीजेपी के हाथों में सुरक्षित है। साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार से लोग परेशान है। विकास नहीं हो रहा है, अपराध का बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन्हीं तमाम मुद्दों को लेकर हम जनता के बीच जाएंगे और जनता का विश्वास जीतकर 2023 में भाजपा की सरकार बनाएंगे।






































