KORIYA. छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले स्थित चरचा खदान में ग्रामीण जनों से कोयले की चोरी करवा रहे माफिया ने अफसर पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में अफसर गंभीर रूप से घायल हो गए। वे यहां से अपना जान बचाकर भागे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार SECL की अंडरग्राउंड कोयला खदान में माफिया शनिवार की शाम ग्रामीणों से कोयला चोरी करा रहा था। अचानक खदान के अफसर कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों को लेकर पहुंच गए। वहां पहले से उपस्थित माफिया के लोगों ने उन पर पहले पत्थर और फिर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। सभी जान बचाकर भागे। मगर फिर भी कई अफसर और कर्मचारी बुरी तरह से जख्मी हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक की हालत गंभीर होने पर बिलासपुर के अपोलो हॉस्पिटल में रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के माध्यम से चोरी का आरोप
कोरिया जिले में कोल माफियाओं के हौसले किस कदर बुलंद है इस बात का अंदाजा इस घटना से लगाया जा सकता है। उच्चाधिकारियों तक शिकायत पहुंची कि अंडरग्राउंड कोल माइन में कोल माफिया स्थानीय ग्रामीणों से कोयले की चोरी करवा रहा है। उन्होंने सब एरिया अफसर को इस स्थान पर भेजा। वे अपने कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों को लेकर पहुंचे। सुरक्षाकर्मियों ने चोरी कर रहे लोगों को मना किया। इसके बाद वे कुछ समझ पाते उससे पहले ही दो दर्जन से अधिक कोल माफिया उन पर पत्थरों से हमला करने लगे। फिर उन्होंने तलवार भी निकाल लिया। ताबड़तोड़ तलवार चलाया गया। कई सुरक्षाकर्मी और कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए।
जान बचाकर भागे
पाला उल्टा पड़ते देख एसईसीएल के सुरक्षा अधिकारी और कर्मचारी भागने में ही अपनी बेहतरी समझे और जैसे-तैसे जान बचाकर उन्हें भागना पड़ा। इस बीच कई सुरक्षाकर्मी लहूलुहान हो गए। सभी को चरचा स्थित स्थानीय हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। वहीं एक की गंभीर हालत को देख उसे तत्काल अपोलो बिलासपुर रेफर किया गया।
अधिकारियों ने पुलिस में लिखवाई शिकायत
वहीं SECL के स्थानीय सब एरिया मैनेजर ने थाने पहुंचकर कोल माफिया के विरुद्ध शिकायत की, तब पुलिस ने अपराध दर्ज किया। वहीं अब इस घटना के बाद एक बार फिर यह चर्चा गर्म हो गई है कि कोयला खदान में माफियाओं के हौसले बुलंद हैं और उन्हें एसईसीएल के सुरक्षाकर्मियों का भी डर नहीं है। माफिया और उनके लोग किसी पर भी जानलेवा हमला कर सकते है।






































