RAIPUR. राजधानी के उरला क्षेत्र से 40 दिनों तक लापता कांग्रेस नेता के भतीजे की लाश जमीन के नीचे चार फीट अंदर दफन थी। उसकी हत्या प्रेम प्रसंग के चलते हुई है, जिसका खुलासा पुलिस ने किया है और इस मामले में युवक की हत्या कराने वाले प्रेमिका के पिता समेत वारदात में शामिल कुल तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं इस मामले में रायपुर ग्रामीण विधायक सत्यनारायण शर्मा ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए लेटलतीफी के लिए जिम्मेदार ठहराया है।
उरला गांव में कांग्रेसी नेता का 21 वर्षीय भतीजा वाहजुद्दीन उर्फ बाबू बीते 25 सितंबर से लापता था। परिजनों ने पुलिस थाने में जाकर रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। 40 दिनों तक परिजन थाना का चक्कर काटते रहे। इस दौरान उन्होंने बताया कि वाहजुद्दीन का एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग के विषय में बताया और आशंका जताई कि उसके परिजनों ने ही तो उसे गायब नहीं किया है। इसके बाद भी पुलिस इस मामले में कुछ नहीं कर पा रही थी। तब युवक के परिजनों के साथ मोहल्ले के लोगों ने थाने का घेराव कर दिया। उसके चाचा कांग्रेसी नेता ने पुलिस पर सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया।
स्थानीय विधायक व पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा ने भी पुलिस के उच्चाधिकारियों से चर्चा की। इसके बाद मामले को साइबर एवं क्राइम यूनिट को सौंपा गया। तब जाकर टीम ने शक के आधार पर युवती के पिता करीम खान को हिरासत में लेकर उससे सख्ती से पूछताछ की गई। पूछताछ में वह टूट गया और उसने वाहजुद्दीन की हत्या का खुलासा किया। साथ ही यह भी बताया कि उसने अपने साले फिरोज खान और एक अन्य युवक विश्वनाथ के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है।
सूनसान जगह पर दफनाई थी लाश
हत्या का अपराध स्वीकार करने के बाद साइबर एवं क्राइम यूनिट की टीम आरोपियों को लेकर घटना स्थल पर पहुंची। आरोपियों ने हत्या के बाद वाहजुद्दीन की लाश को मुख्य सड़क से लगभग आधा किलोमीटर अंदर रेलवे ट्रैक के पास दुर्गम रास्ते की जमीन पर दफनाने की जानकारी दी। तब वहां की खुदाई कर चार फीट अंदर जमीन से उसकी लाश बरामद की गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ अपहरण और हत्या समेत अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।






































