RAIPUR. दीपावली त्योहार से पहले मुख्यमंत्री ने बिजली कर्मियों को बड़ा तोहफा दिया है। विभाग के कर्मियों को बोनस देना ऐलान किया गया है। साथ ही अनुग्रह राशि भी पात्र कर्मियों को दिए जाने की घोषणा की गई है।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बिजली कर्मियों को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने दीपावली के उपलक्ष्य में सभी नियमित एवं संविदा बिजली कर्मियों को 11 हजार रुपए तक बोनस/अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ऐलान के बाद छत्तीसगढ़ पॉवर कंपनी के 16 हजार से ज्यादा कर्मचारी-अधिकारी को बोनस मिलेगा। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनी के अधिकारियों को मुख्यमंत्री द्वारा दीपावली से पूर्व बोनस दिए जाने निर्देशित किया गया। आज शाम तक मानव संसाधन विभाग से आदेश जारी होने की संभावना है।

जानिए किसे मिलेगा बोनस
पिछले वित्तीय वर्ष में 21 हजार रुपए मूल वेतन तथा महंगाई भत्ता के रूप में मासिक वेतन प्राप्त करने वाले कर्मी बोनस के लिए पात्र होंगे। अधिकारी-कर्मचारियों को भी कार्यों में दक्षता बनाए रखने के लिए प्रोत्साहन स्वरूप रुपए 11 हजार की अनुग्रह राशि दी जाएगी।

अन्य कर्मियों के लिए दिए निर्देश
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विद्युत अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देश दिए हैं कि आउटसोर्सिंग और दैनिक वेतन भोगी में लगे ठेका कर्मचारियों को भी दीपावली से पूर्व उनके नियोक्ता ठेकेदार द्वारा नियमानुसार बोनस दिया जाए, यह सुनिश्चित करें।
आएगा 17 करोड़ का वित्तीय भार
मुख्यमंत्री द्वारा बिजली विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए बोनस की घोषण कर दी गई है। वहीं पात्रों को बोनस दिए जाने के बाद पावर कंपनियों को लगभग 17 करोड़ रुपए का वित्तीय भार आएगा।





































