BILASPUR. जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र के एक गांव में युवक अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने गया था। इस दौरान लड़की वालों ने उसे देख लिया और पकड़कर पीटने लगे। आसपास के लोगों ने कारण पूछा तो कह दिया कि ये चोरी की नीयत से यहां आया था। फिर क्या था, पड़ोसी और गांव वाले उस पर टूट पड़े और युवक को रस्सी के सहारे पेड़ से बांधकर जमकर पिटाई कर दी। इस बीच किसी ने इसका वीडियाे भी बना लिया। पुलिस ने भी इसी वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला बिल्हा थाना क्षेत्र के एक गांव का बताया गया है। बोड़सरा गांव का रहने वाला अंकित यादव पास के ही गांव में गया था। पुलिस का कहना है कि वह अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने के उद्देश्य से वहां पहुंचा था और इसी कोशिश में लगा हुआ था। इसकी भनक लड़की के घरवालों को हो गई। युवक भाग पाता उससे पहले ही उसे घेरकर पकड़ लिया गया।

इस बीच लाठी डंडे से उसकी पिटाई करने लगे। युवक बार-बार छोड़ने की मिन्नतें करता रहा पर वे पीटते रहे। इसी बीच आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। उन्होंने युवक को पीटने का कारण पूछा। लड़की के घरवालों ने कह दिया कि ये चोरी करने की नीयत से यहां आया था और आसपास ही किसी सामान से हाथ साफ करने के लिए मौका तलाश रहा था, तभी हमने इसे पकड़ लिया।

इतना सुनना था कि आसपास के लोगों ने भी युवक को पकड़ लिया। फिर रस्सी लाकर उसके हाथ-पैर बांध दिए और एक पेड़ से लपेट दिए। फिर लाठी- डंडे और हाथ- मुक्के से उसकी जमकर धुनाई की गई। पूरे वाकये के दौरान युवक छोड़ने के लिए मिन्नतें करता रहा पर लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वे लाठी-डंडे बरसाते रहे।

इस बीच कुछ लोगाें ने युवक का वीडियो भी बना लिया था, जिसे उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वहीं गांववालों ने युवक को चेतावनी देकर छोड़ दिया।

वीडियो देखकर पुलिस ने की पतासाजी
बाद में जब इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो इसकी सूचना पुलिस को भी दी गई। पुलिस ने तत्काल वीडियो के आधार पर पीड़ित युवक का पता लगाया। फिर उससे संपर्क कर उसे थाने लाया गया। वहीं उसकी शिकायत के आधार पर गांव के छह लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की गई।





































