BHILAI. दुर्ग पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा से जुड़े हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इस बार पुलिस के शिकंजे में सट्टा से जुड़े हुए छह गुर्गों को पुलिस ने धर-दबोचा है। सटोरियों से मिले सैकड़ों मोबाइल नंबर और आर्थिक लेन-देन के साक्ष्य के आधार पर पुलिस बैंक खातों को खंगाने में जुटी हुई है। गिरफ्तार लोगों से पुलिस को अंतरराष्ट्रीय सट्टा संचालित करने का सुराग भी मिला है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। इसमें कई शहरों के रसूखदारों के नाम भी शामिल है। साथ ही सत्तापक्ष से जुड़े हुए लोगों के नामों की भी चर्चा जमकर हो रही है।

सुपेला पुलिस और दुर्ग एंटी क्राइम एवं सायबर यूनिट द्वारा इन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी महादेव एप, रेड्डी अन्ना और अन्य ऑनलाइन सट्टा एप द्वारा देश भर के लोग को सट्टा खेलने के लिए जोड़ा जा रहा था।

ऐसे पकड़ाए
दुर्ग पुलिस ने उक्त संदेहियों पर पैनी नजर रखने मुखबिर को लगा रखा था। पुलिस ने बताया कि 27 सितंबर को भिलाई के कोसा नाला के निकट नर्सरी स्थित झोपड़ी में ऑनलाइन सट्टे का कारोबार करने कुछ लोग इकट्ठे हुए थे। संदेह के आधार पर पुलिस ने इनकी घेराबंदी की और कड़ी पूछताछ में इन्होंने ऑनलाइन सट्टे के कारोबार संलिप्त होने की बात अनुभव जैन व अन्य साथियों ने स्वीकारी।

करोड़ों का हो रहा कारोबार
दुर्ग पुलिस अधीक्षक डॉ.अभिषेक पल्लव ने बताया कि आरोपियों द्वारा देश के विभिन्न राज्य में बैंक खाते खुलवाकर ऑनलाइन सट्टे के कारोबार को अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा कि इन खातों के माध्यम से करोड़ों रुपए के अवैधानिक लेन-देन किया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों से 12 मोबाइल, चार लैपटॉप, एक मॉनीटर, एक सीपीयू, तीन की-बोर्ड, चार कंप्यूटर माउस, एक ब्रॉडबैंड, छह एटीएम, आठ चेकबुक, तीन बैक पासबुक आदि बरामद किया गया है, जिन्हें लॉनलाइन सट्टे के कारोबार में उपयोग में लाया जा रहा था।





































