तीरंदाज, मोहला। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के रूप में छत्तीसगढ़ को 29वां नया जिला मिल गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शुक्रवार को नए जिले का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने नए जिले मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी में 106 करोड़ 27 लाख 95 हजार रुपए के 54 कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण किया। जिसमें 52 करोड़ 16 लाख 8 हजार रुपए के 42 कार्यों का भूमि पूजन एवं 54 करोड़ 11 लाख 87 हजार रुपए के 12 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।

इस अवसर पर उन्होंने 103 हितग्राहियों को 12 लाख 10 हजार रुपए की सामग्री का वितरण भी किया इस मौके पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने फीता काटकर मुख्यमंत्री ने कलेक्टोरेट व एसपी कार्यालय का उद्घाटन किया। नया जिला “मोहला मानपुर अम्बागढ़ चौंकी” बनाने पर लोगों ने खुशी जताई और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को लड्डू से तौला। नये जिले की सौगात पर जिले की जनता में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

सीएम ने किया रोड शो
इस मौके पर सीएम भूपेश बघेले रोड शो निकाला। एक किलोमीटर से अधिक लंबे रोड़ शो में जगह जगह पर छत्तीसगढ़ की परंपरा और लोक संस्कृति की झलक दिखाई पड़ रही है। पंथी, कर्मा जैसे पारंपरिक नृत्यों के साथ जिले की जनता अपना उत्साह जाहिर कर रही है। सीएम बघेल ने रोड शो के जरिए लोगों का अभिवादन स्वीकर किया। नए जिले के लोगों में हर जगह जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। लड्डुओं के अलावा स्थानीय वनोपज कोदो कुटकी, रागी, हर्रा- बहेरा से भी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को जिले की जनता द्वारा तौला गया।

पुष्पवर्षा के साथ सीएम का अभिनंदन
रोड शो के दौरान सीएम भूपेश बघेल पर पुष्पवर्षा भी की गई। रोड शो करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कलेक्टोरेट कार्यालय पहुंचे। परिसर में उन्होंने गांधी जी की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके पश्चात उन्होंने कलेक्टोरेट कार्यालय निरीक्षण भी किया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उपस्थिति में जिला कलेक्टर एस. जयवर्धन ने किया पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ नए जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के पहले जिला कलेक्टर और पहले पुलिस अधीक्षक ने तस्वीर भी खिंचाई।






































