रायपुर। राजधानी के उरला क्षेत्र में हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पत्नी ने अपने पति की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना मंगलवार सुबह की है जब पति सो रहा था। इस दौरान पत्नी को न जाने क्या सूझा कि उसने सिलबट्टा उसके सिर पर पटक दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या को लेकर पत्नी ने जो कारण बताया वह चौंकाने वाला है।

दरअसल पति अक्सर दूसरी महिलाओ से बात करता था जो कि उसकी पत्नी को पसंद नहीं था। इस बात को लेकर दोनों में अक्सर विवाद भी होता रहता था। उरला पुलिस ने बताया कि रविवार व सोमवार को भी दोनों में विवाद हुआ। सोमवार को पति ने पत्नी को फावडे से मार दिया था। जिसका गुस्सा उसमें भरा हुआ था। मंगलवार की सुबह पति सो रहा था और पत्नी ने सिलबट्टा उसके सिर पर पटक दिया।

पुलिस गिरफ्त में आरोपी पत्नी
उरला पुलिस ने बताया कि मृतक युवक उमेश ध्रर्वे मूल रूप से डिंडौरी मध्यप्रदेश का निवासी था। वह सरोरा क्षेत्र में अपनी पत्नी इंगेश्श्वरी धुर्वे के साथ किराए का मकान लेकर रह रहा था। इंगेश्वरी उसकी तीसरी पत्नी थी। इससे पहले वह दो पत्नियों को छोड़ चुका था। दोनों में अक्सर विवाद होता था और विवाद का कारण पति का दूसरी औरतों से बात करना था। इंगेश्वरी को शक था कि जिस तरह उसने दो पत्नियों को छोड़ दिया वैसे ही उसे भी छोड़ देगा और चौथी शादी कर लेगा।
पुलिस ने बताया कि इसी शक के कारण इंगेश्वरी का अपने पति से अक्सर विवाद होता था। सोमवार को दोनों का झगड़ा कुछ ज्यादा ही बढ़ गया। इसी गुस्से में मंगलवार सुबह इंगेश्वरी ने सिलबट्टा अपने पति के सिर पर पटक दिया। इसके कारण पति के सिर पर काफी खून बहने लगा और उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मकान मालिक ने पुलिस को दी। सूचना पर मौके पर जाकर इंगेश्वरी को गिरफ्तार कर शव को पीएम के लिए भेजा गया।




































