रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार मनरेगा में 11 नए लोकपाल पदों पर भर्ती कर रही है। इन पदों के लिए सरकार ने आवेदन मंगाए हैं। खासबात यह है इन पदों पर भर्ती की अधिकतम आयुसीमा 66 वर्ष रखी गई है। यानि 60 प्लस के अनुभवी लोग भी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। चयनित होने पर इन्हें हर माह 45 हजार रुपए वेतर मिलेगा।

राज्य सरकार के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की ओर से यह भर्ती निकाली गई है। भर्ती के लिए जारी अधिसूचना के मुताबिक महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम के तहत 11 नए लोकपाल काम करेंगे। इसके लिए सरकार ने डाक के द्वारा आवेदन मंगवाए हैं। आदेश में कहा गया है कि आवेदन केवल रजिस्टर्ड डाक व स्पीड पोस्ट से ही स्वीकार किए जाएंगे।
राज्य सरकार द्वारा जारी अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 22 अप्रैल होगी। इसके लिए आवेदन www.cgstate.gov.in और www.mgnrega.cg.nic.in वेबसाइट पर जाकर आवेदन फॉर्मेट डाउनलोड किया जा सकता है। फॉर्म भरने के बाद स्पीड पोस्ट या रजिस्टर्ड डाक से आयुक्त, महात्मा गांधी मनरेगा, विकास आयुक्त कार्यालय, तृतीय तल, कक्ष क्रमांक-19, विकास भवन, नॉर्थ ब्लॉक, सेक्टर-19, नवा रायपुर अटल नगर, रायपुर प्रेसित करना होगा।
लोकपाल के लिए होनी चाहिए यह योग्यता
लोकपाल भर्ती में शामिल होने की अधिकतम आयु 66 साल से कम होनी चाहिए। इसके लिए आवेदक को पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन, लॉ, एकेडमिक, सोशल वर्क और मैनेजमेंट में से किसी एक में कम से कम 10 वर्षों के काम का अनुभव होना आवश्यक है। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह नियुक्ति सरकारी सेवा के तहत नहीं होगी। लोकपाल के तौर पर सेवा देने के लिए चयन किया जाएगा और इन्हें 45 हजार रुपए वेतन दिया जाएगा।
इन जिलों के लिए हो रही है नियुक्ति
सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक नियुक्त होने वाले लोकपाल अलग अलग जिलों में अपनी सेवाएं देंगे। इन लोकपालों की नियुक्ति बेमेतरा, कोंडागांव, बीजापुर, नारायणपुर, गौरेला पेंड्रा मरवाही, बालोद, बलौदा बाजार भाटापारा, गरियाबंद, सुकमा, सूरजपुर और मुंगेली जिले के लिए की जा रही है।




































