भिलाई। खैरागढ़ सीट पर उपचुनाव अगले महीने 12 अप्रैल को होना सुनिश्चित है। उपचुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी। अब नामांकन वापसी 28 मार्च तक होगी। 12 अप्रैल को मतदान होगा और 16 अप्रैल को मतगणना की जाएगी।
छत्तीसगढ़ में राजनांदगांव जिले की खैरागढ़ सीट पर उपचुनाव हैे। इस सीट पर हर हाल में पार्टियां विजय चाहती हैं। इसलिेए सभी राजनीतिक दल अपने-अपने तरीके से बिसात बिछाने की कोशिश में हैं। नतीजे काफी हद तक इस पर निर्भर करेंगे कि मतदाता स्थानीय मुद्दों को महत्व देते हैं या जातिगत समीकरणों को।
इसके लिए प्रमुख राजनीतिक पार्टियां कांग्रेस, बीजेपी और जनता जोगी कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों की जीत के लिए बिसात बिछाने में लगे हुए हैं। कांग्रेस ने महिला उम्मीदवार पर भरोसा जताया है, वहीं भारतीय जनता पार्टी व जनता जोगी कांग्रेस ने पुरुष प्रत्याशियों पर दांव खेला है। प्रचार में जोर नामांकन वापसी के बाद पड़ेगा।
बता दें कि खैरागढ़ सीट जनता जोगी कांग्रेस से विधायक रहे देवव्रत सिंह के निधन के बाद खाली हुई थी। उपचुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी। अब नामांकन वापसी 28 मार्च तक होगी। 12 अप्रैल को मतदान होगा और 16 अप्रैल को मतगणना की जाएगी।
कांग्रेस से महिला प्रत्याशी
कांग्रेस पार्टी को इस बार महिला प्रत्याशी पर जीत का भरोसा है। लंबे समय से पार्टी में सक्रिय यशोदा वर्मा को टिकट दिया है। वे खैरागढ़ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष हैं। हाईस्कूल तक पढ़ी वर्मा खैरागढ़ जनपद पंचायत की सदस्य रह चुकी हैं। उनके पति भी कांग्रेस पार्टी के लिए लंबे समय से काम कर रहे थे।
बीजेपी का हारे प्रत्याशी पर दांव
बीजेपी ने एक बार फिर कोमल जंघेल पर भरोसा जताया है। जंघेल 2018 के चुनाव में भी उम्मीदवार थे, लेकिन जनता जोगी कांग्रेस के प्रत्याशी देवव्रत सिंह से महज 1000 वोट से हार गए थे। कोमल जंघेल साल 2007 में हुए उपचुनाव और 2008 से 2013 तक खैरागढ़ से विधायक और संसदीय सचिव के रह चुके हैं।
जनता जोगी कांग्रेस ने राज परिवार से उतारा प्रत्याशी
जनता जोगी कांग्रेस ने एक बार फिर राजपरिवार का प्रत्याशी खड़ा किया है। पार्टी ने पूर्व विधायक स्वर्गीय देवव्रत सिंह के बहनोई और पेशे से अधिवक्ता नरेंद्र सोनी को मैदान में उतारा है। नरेंद्र सोनी का विवाह खैरागढ़ की पूर्व विधायक स्वर्गीय रानी रश्मि देवी की छोटी पुत्री और गीत देवराज सिंह की छोटी बहन के साथ हुआ है। सोनी खैरागढ़ महाविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष रह चुके हैं।
इस बार का बदल गया है समीकरण
राजनीतिक जानकारों के अनुसार इस सीट पर इस बार का नतीजा इससे तय होगा कि मतदाता जाति के आधार पर वोट करते हैं या फिर स्थानीय मुद्दों के आधार पर, क्योंकि कई कारणों से खासकर राजनीतिक व प्रदेश में शासन किसका है इस पर प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित होगी।
खैरागढ़ है लोधी बाहुल्य क्षेत्र, ऐसा रहा है परिणाम
खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र राजनांदगांव लोकसभा सीट का हिस्सा है। यहां कुल 180404 मतदाता हैं। जातिगत समीकरण की बात करें तो यह क्षेत्र लोधी बाहुल्य क्षेत्र है। क्षेत्र में लोधी समाज का काफी दबदबा माना जाता है। कांग्रेस ने साल 2003 में देवव्रत सिंह को चुनाव के मैदान में उतारा था और उन्हें जीत मिली थी। उसके बाद 2008 में बीजेपी के कोमल जंघेल ने जीत हासिल की थी। वहीं 2013 के चुनाव में कांग्रेस ने गिरवर जंघेल को मैदान में उतारा था और वे लगभग 3000 वोटों से जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। 2018 के चुनाव में जनता जोगी कांग्रेस के प्रत्याशी के रूप में देवव्रत सिंह फिर से विधायक बने थे।
हर बार सत्तापक्ष को मिलता रहा लाभ
उपचुनावों में आम तौर पर सत्ताधारी पार्टी को फायदा मिलता है। बीजेपी शासन के दौरान संजारी बालोद में हुए उपचुनाव में पार्टी का उम्मीदवार जीता था। कांग्रेस के राज में मरवाही और दंतेवाड़ा में उपचुनाव हुए तो उसके प्रत्याशियों को जीत मिली। 2018 में हुए चुनाव में जनता जोगी कांग्रेस के देवव्रत सिंह को 61 हजार 516 और बीजेपी के कोमल जंघेल को 60 हजार 646 वोट मिले थे। उस समय कांग्रेस इस क्षेत्र में काफी कमजोर मानी जा रही थी।
(TNS)