रायपुर। भिलाई से रायपुर आकर चोरी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। चलती आटो में सवारियों के जेब से नगदी चोरी करने वाले 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

इस मामले में पुलिस को लगातार शिकायत मिल रही थी। शहर के आधा दर्जन थानों में मामला दर्ज किया गया है। उसके बाद से लगातार निगरानी की जा रही थी। इसी दौरन मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 4 जेब कतरों को पकड़कर कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार आरोपी भीड़ वाली जगह पर या बस, आटो में यह वारदात करते थे। वे भिलाई से रायपुर आकर ऑटो से घूम-घूमकर शिकार की तलाश करते थे। जब इन आरोपियों के हाथ कोई शिकार लगता था तो उसे आटो में अपने साथियों के बीच बैठाकर मौका पाते ही चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
जानकारी के अनुसार प्रार्थी विनोद सहारे के साथ जेब कटने की घटना घटी थी। उसके बाद उसने थाना मौदहापारा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया कि बीते दिन जय स्तंभ चौक के पास एसबीआई बैंक के सामने एक ऑटो खड़ा था, जिसमें आटो चालक के अतिरिक्त एक व्यक्ति पिछली सीट पर पहले से बैठा हुआ था। वहीं मेकाहारा अस्पताल के गेट के पास पहुंचकर ऑटो चालक ने आगे जाने से मना करते हुए उतारकर चला गया। प्रार्थी ने उतरकर जब जेब में रखी 26000 रुपए नगदी की जांच की तो पैसे गायब थे। शिकायत के बाद जांच में जुटी पुलिस ने 4 आरोपियों को धरदबोचा है।
पुलिस ने बताया कि इससे पहले भी गिरफ्तार आरोपी कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं, जिसका खुलासा गिरफ्तारी के बाद पूछताछ के दौरान आरोपियों ने किया है। साथ ही यह भी जानकारी दी कि रायपुर सहित भिलाई और दुर्ग में इसी तरीके से लोगों को चूना लगा चुके हैं।
पुलिस ने जोनसन, शंकर मारकंडे, बबलू साहू और भूपेन्द्र कुमार कौशल को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की नगदी रकम 14,000 रुपए, चोरी के रुपयों से खरीदा गया मोबाईल और चोरी की घटना में प्रयुक्त ऑटो की कुल कीमत 1,00,000 रुपए जब्त की है। सभी आरोपी दुर्ग जिले के निवासी हैं।
(TNS)





































