JOB NEWS. छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का बड़ा अवसर आया है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने विभिन्न विभागों में तृतीय श्रेणी के 1,703 पदों पर भर्ती की अधिसूचना जारी की है। इस भर्ती की खास बात यह है कि संबंधित पदों के लिए मंडल पहली बार लिखित भर्ती परीक्षा आयोजित करने जा रहा है। भर्ती प्रक्रिया के तहत स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के अभ्यर्थियों को मौका मिलेगा। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 5 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है।

इच्छुक अभ्यर्थी 27 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र में किसी तरह की त्रुटि होने पर 28 से 30 नवंबर तक शाम 5 बजे तक सुधार का अवसर मिलेगा। इस भर्ती में सबसे ज्यादा 1,206 पद सहायक ग्रेड-3 के हैं। इसके अलावा सहायक उप निरीक्षक (जिला इकाई संवर्ग) के 279 पद रखे गए हैं। अन्य पदों में पंजीयक लिपिक के 50, सहायक उप निरीक्षक-अ (सामान्य शाखा) के 40, उप निरीक्षक-अ (शीघ्रलेखक, सामान्य शाखा) के 34 और शीघ्रलेखक (हिंदी) के 30 पद शामिल हैं।

इसी तरह डाटा एंट्री ऑपरेटर के 25, स्टेनो टाइपिस्ट के 23, शीघ्रलेखक (द्विभाषी) के 13 और शीघ्रलेखक (अंग्रेजी) के 3 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 10 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक निर्धारित किया गया है। परीक्षा छत्तीसगढ़ के पांच संभागीय मुख्यालयों में होगी। अभ्यर्थी 4 जनवरी 2027 से कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट पर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।

स्थानीय अभ्यर्थियों को परीक्षा शुल्क की वापसी
इस भर्ती में छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों के लिए भी राहत दी गई है। परीक्षा में शामिल होने वाले स्थानीय अभ्यर्थियों को नियमानुसार परीक्षा शुल्क वापस किया जाएगा। शुल्क की राशि उसी बैंक खाते में लौटाई जाएगी, जिससे ऑनलाइन भुगतान किया गया होगा। अभ्यर्थी पदों की शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण, चयन प्रक्रिया और आवेदन से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं।




































