DELHI NEWS. दिल्ली के मयूर विहार स्थित एक स्कूल में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली 9 साल की छात्रा की अचानक मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बच्ची क्लासरूम में आने के कुछ देर बाद अचानक जमीन पर गिरती दिखाई दे रही है। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित हुई छात्रा
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 9:52 बजे PCR पर सूचना मिली कि मयूर विहार स्थित लवली पब्लिक स्कूल की तीसरी कक्षा की 9 वर्षीय छात्रा को निर्माण विहार के मलिक रेडिक्स हेल्थ केयर अस्पताल लाया गया है। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में बच्ची क्लासरूम में प्रवेश करती दिखाई देती है। कुछ देर खड़े रहने के बाद वह अचानक जमीन पर गिर जाती है। घटना के बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। शुरुआती जानकारी में हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने बताया कि फिलहाल इस मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में किसी तरह की गड़बड़ी या फाउल प्ले के संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। महज 9 साल की बच्ची की अचानक मौत से परिवार और स्कूल में शोक का माहौल है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।




































