RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के पहले दिन नवा रायपुर का आसमान भारतीय वायुसेना के शौर्य और रोमांचक करतबों का गवाह बना। रविवार को आयोजित एयर शो में वायुसेना के जवानों ने हजारों फीट की ऊंचाई से पैराशूट के जरिए छलांग लगाई, हेलिकॉप्टरों से रस्सी के सहारे उतरने का प्रदर्शन किया और आसमान में अलग-अलग आकृतियां बनाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इस दौरान सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम का प्रदर्शन सबसे बड़ा आकर्षण रहा। खास बात यह रही कि सारंग टीम ने पहली बार छत्तीसगढ़ में अपना हवाई प्रदर्शन किया।

एयर शो में वायुसेना की तीन टीमों ने हिस्सा लिया। आकाशगंगा टीम के आठ जवानों ने C-295 विमान से करीब 8 हजार फीट की ऊंचाई से छलांग लगाई। रंग-बिरंगे पैराशूट के सहारे जवान हवा में करतब दिखाते हुए सुरक्षित नीचे उतरे। इस रोमांचक प्रदर्शन को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। एयर शो के दौरान भारतीय वायुसेना के MI-17 हेलिकॉप्टर ने भी अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। हेलिकॉप्टर से जवानों ने रस्सी के सहारे नीचे उतरने का अभ्यास दिखाया। यह प्रदर्शन सैन्य अभियानों और विशेष परिस्थितियों में जवानों की दक्षता को प्रदर्शित करने वाला रहा।

कार्यक्रम का एक और बड़ा आकर्षण वायुसेना की सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम रही। टीम के पांच हेलिकॉप्टरों ने एक साथ उड़ान भरकर आसमान में डायमंड, हार्ट और डॉल्फिन जैसी आकृतियां बनाईं। हेलिकॉप्टरों के बीच शानदार तालमेल, नजदीकी उड़ान और एक साथ दिशा बदलने के करतब देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे। सारंग टीम के हेलिकॉप्टरों से निकले केसरिया, सफेद और हरे रंग के धुएं ने आसमान में तिरंगे की छटा बिखेर दी। सारंग टीम स्वदेशी एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर (ALH) ध्रुव का इस्तेमाल करती है। इसका गठन वर्ष 2003 में हुआ था। टीम देश-विदेश के कई एयर शो में अपनी प्रस्तुति दे चुकी है।

सुरक्षा में 700 से 800 जवान तैनात
एयर शो के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। नया रायपुर में करीब 700 से 800 पुलिस जवानों की तैनाती की गई। दर्शकों की आवाजाही और कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मुस्तैद रहा। वायुसेना की तीनों टीमों के प्रदर्शन के साथ एयर शो का समापन हुआ। इस दौरान आसमान में दिखे रोमांचक करतबों ने राज्योत्सव के पहले दिन को खास बना दिया।





































