RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों को दीपावली से पहले आर्थिक राहत मिली है। राज्य सरकार ने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) और पेंशनरों की महंगाई राहत (DR) में 2 प्रतिशत की वृद्धि करने का निर्णय लिया है। इसके बाद दोनों की दर 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगी। नई दर 1 नवंबर 2026 से लागू होगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के इस फैसले से प्रदेश के लगभग 3 लाख 85 हजार शासकीय कर्मचारियों और 1 लाख 50 हजार पेंशनरों को लाभ मिलेगा। यानी कुल करीब 5 लाख 35 हजार कर्मचारी और पेंशनर इस निर्णय के दायरे में आएंगे।

महंगाई भत्ता और महंगाई राहत बढ़ने से राज्य सरकार पर लगभग 36 करोड़ रुपये प्रतिमाह का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा। सालाना आधार पर यह राशि करीब 432 करोड़ रुपये होगी। राज्य सरकार के निर्णय के अनुसार, 1 नवंबर 2026 से कर्मचारियों को 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता और पेंशनरों को 60 प्रतिशत महंगाई राहत मिलेगी।

यह वृद्धि ऐसे समय की गई है, जब दीपावली का त्योहार नजदीक है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों के प्रति संवेदनशील है। उनके अनुसार, दीपावली से पहले लिया गया यह निर्णय आर्थिक राहत देने के साथ परिवारों में त्योहार की खुशियां और उल्लास बढ़ाने में मदद करेगा।





































