RAIPUR NEWS. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम परिसर में आयोजित करम पूजा परब-2026 में शामिल होकर उरांव समाज को बड़ी सौगात दी। उन्होंने रायपुर जिले के गनोद गांव में उरांव समाज के लिए 50 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन बनाने की घोषणा की। इस भवन से समाज को सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सुविधा मिलेगी। उरांव (सरना) आदिवासी विकास संघ, रायपुर की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करम राजा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने भारत माता के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि करम परब जनजातीय संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और पूर्वजों की अमूल्य विरासत का प्रतीक है। यह पर्व प्रकृति के प्रति आस्था, प्रेम और सम्मान की भावना को दर्शाता है। हमारे पूर्वजों ने प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीवन जीने की जो परंपरा विकसित की, वह आज भी समाज को महत्वपूर्ण संदेश देती है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोकपर्वों और प्रकृति से गहरे जुड़ाव से है। करम परब सामाजिक एकता, भाईचारे और सामूहिक जीवन के मूल्यों को मजबूत करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकगीत, लोकनृत्य, पारंपरिक पर्व और रीति-रिवाज हमारी सांस्कृतिक पहचान हैं। आधुनिकता के साथ आगे बढ़ते हुए अपनी परंपराओं को सहेजना भी जरूरी है। नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और पूर्वजों के जीवनमूल्यों से जोड़कर रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने उरांव समाज की ओर से सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज के लोगों को एक मंच पर लाते हैं और आपसी संबंधों को मजबूत बनाते हैं। कार्यक्रम में समाज के प्रमुख बिंदेश्वर भगत सहित अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के पदाधिकारी, उरांव आदिवासी विकास संघ के सदस्य, समाज के वरिष्ठजन और बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।






































