AMBEDKAR NAGAR NEWS. उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में एक शादी के दौरान ऐसा मामला सामने आया, जिसने लोगों को हैरान कर दिया। आमतौर पर दूसरी शादी की खबर मिलने पर पहली पत्नी पुलिस लेकर पहुंचती है, लेकिन यहां पत्नी की दूसरी शादी की सूचना मिलते ही पहला पति पुलिस को लेकर मौके पर पहुंच गया। मामला शिवबाबा धाम का है, जहां रुचि नाम की महिला दूसरे युवक से शादी कर रही थी। पहले पति के पहुंचने के बाद मौके पर हंगामा हो गया। पुलिस तीनों को अकबरपुर कोतवाली ले आई, जहां घंटों बातचीत और पंचायत चली। आखिरकार पहले पति ने लिखित सहमति देकर महिला को उसके दूसरे पति के साथ जाने दिया।
शादी के मंडप में पहुंचा पहला पति, फिर थाने में हुई पंचायत
जानकारी के मुताबिक, रुचि की शादी शिवबाबा धाम में दूसरे युवक के साथ हो रही थी। इसी दौरान उसके पहले पति सूरज को शादी की जानकारी मिली तो वह पुलिस लेकर मौके पर पहुंच गया। इसके बाद वहां विवाद की स्थिति बन गई और पुलिस महिला, उसके पहले पति और दूसरे पति को अकबरपुर कोतवाली ले आई।कोतवाली में दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई, लेकिन शुरुआत में सहमति नहीं बन सकी। बाद में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक, सूरज ने लिखित सहमति देते हुए रुचि को उसके दूसरे पति के साथ जाने दिया। इसके बाद महिला अपने दूसरे पति के साथ चली गई।
बताया जा रहा है कि सूरज और रुचि का एक बच्चा भी है। दोनों ने पहले ही अदालत में तलाक की अर्जी दाखिल कर रखी है। हालांकि, तलाक पर अदालत का अंतिम आदेश हुआ था या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। ऐसे में मामले की कानूनी स्थिति को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
औरैया में भी चर्चा में आया था ऐसा ही मामला
अंबेडकरनगर की इस घटना से पहले उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में भी एक महिला की शादी को लेकर ऐसा मामला चर्चा में आया था। वहां करीब 30 साल की एक महिला और 75 वर्षीय बुजुर्ग के बीच शादी तय होने की खबर सामने आई थी। सोशल मीडिया पर महिला की शादी और सगाई के वीडियो भी चर्चा में थे।बताया गया कि महिला का पति पहले घर छोड़कर चला गया था। इस बीच महिला की शादी बुजुर्ग से तय होने और सगाई की तैयारियों की खबर सामने आई। बाद में महिला ने दावा किया कि सगाई का वीडियो देखने के बाद उसका पति वापस लौट आया है। इसके बाद उसने बुजुर्ग से शादी करने से इनकार कर दिया।
पति के लौटने पर महिला ने क्या कहा?
महिला ने वीडियो जारी कर दावा किया कि जब उसका पति घर छोड़कर चला गया था और उसे कोई सहारा नहीं मिल रहा था, तब उसने बुजुर्ग रामसुघर से शादी करने का फैसला किया था। लेकिन पति के लौट आने के बाद उसने अपना फैसला बदल दिया और बुजुर्ग से तय शादी रद्द करने की बात कही।






































