BARABANKI NEWS. उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने दो परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। आरोप है कि पांच बच्चों की मां और तीन बच्चों का पिता प्रेम प्रसंग के चलते अपने-अपने परिवारों को छोड़कर लापता हो गए। पीछे छूटे आठ बच्चों के सामने अब पालन-पोषण और पढ़ाई का संकट खड़ा हो गया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू कर दी है।
सामान की सप्लाई के दौरान हुई थी मुलाकात
जानकारी के मुताबिक, मामला नवाबगंज तहसील क्षेत्र का है। अमित गुप्ता ने करीब 15 साल पहले बिहार की रहने वाली अनीता देवी से शादी की थी। दोनों के तीन बच्चे हैं। अमित सेल्समैन का काम करता था। इसी दौरान सामान की सप्लाई के सिलसिले में उसकी मुलाकात नीलम से हुई, जो पांच बच्चों की मां है।

परिजनों का आरोप है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए थे। बीते 8 अक्टूबर को दोनों संदिग्ध परिस्थितियों में अपने-अपने घरों से लापता हो गए। परिवारों ने घर में रखी नकदी और जेवरात गायब होने का दावा भी किया है।

आठ बच्चों के सामने खड़ा हुआ भविष्य का संकट
माता-पिता के अचानक चले जाने से दोनों परिवारों के बच्चों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अमित गुप्ता के बच्चों का कहना है कि पिता के जाने के बाद उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है और स्कूल छूटने की नौबत आ गई है। वहीं, नीलम के पांचों बच्चे भी अपनी मां के लौटने का इंतजार कर रहे हैं। बच्चों की देखभाल और घर के खर्च को लेकर परिवारों के सामने चुनौती खड़ी हो गई है। इस स्थिति से परिजन और ग्रामीण भी चिंतित हैं।
मोबाइल बंद, पुलिस कर रही तलाश
अमित गुप्ता की पत्नी अनीता देवी और नीलम के पति अमित कुमार ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर दोनों का पता लगाने की मांग की है। पुलिस के मुताबिक, दोनों के मोबाइल फोन बंद आ रहे हैं, जिससे उनकी लोकेशन का पता लगाने में परेशानी हो रही है।
पुलिस सर्विलांस और स्थानीय सूत्रों की मदद से दोनों की तलाश कर रही है। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है और दोनों के मिलने के बाद ही घटनाक्रम की पूरी जानकारी सामने आ सकेगी।



































