RAIGARH NEWS. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर पाकिस्तान का सिंबल दिखाई देने की जानकारी सामने आई है। इस घटनाक्रम के बाद नगर निगम में हलचल मच गई है। सरकारी वेबसाइट पर इस तरह का प्रतीक दिखाई देने से वेबसाइट की साइबर सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि सूचना के बाद जांच शुरू कर दी गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम आयुक्त बृजेश कुमार ने पुलिस को इसकी सूचना दी है। जानकारी मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस और संबंधित स्तर पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर पाकिस्तान का सिंबल किस वजह से दिखाई दिया।

जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि वेबसाइट के साथ किसी ने छेड़छाड़ की है या इसके पीछे किसी साइबर हमले की भूमिका है। हालांकि, अभी तक इस घटनाक्रम के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वेबसाइट पर दिखाई दिए सिंबल के पीछे तकनीकी गड़बड़ी थी या किसी ने जानबूझकर वेबसाइट में बदलाव किया था।





































