RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अग्निशमन और आपदा प्रबंधन जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं में तैनात नगर सैनिकों के लिए राहत की खबर है। राज्य शासन ने नगर सैनिकों का कुल मानदेय बढ़ाकर 30,870 रुपये प्रतिमाह करने का प्रस्ताव तैयार किया है। इससे प्रदेश के करीब 7,900 नगर सैनिकों और उनके परिवारों को लाभ मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर गृह मंत्री विजय शर्मा के मार्गदर्शन में यह पहल की गई है। गृह विभाग के प्रस्ताव के अनुसार, नगर सैनिकों के मानदेय में मूल राशि के साथ महंगाई भत्ता और वर्दी धुलाई भत्ता शामिल किया गया है।

छत्तीसगढ़ में नगर सैनिकों के मानदेय में इससे पहले भी समय-समय पर बढ़ोतरी की गई है। वर्ष 2017 में गृह विभाग के आदेश के जरिए मानदेय में 3,200 रुपये की वृद्धि की गई थी। इसके बाद मासिक मानदेय 10,000 रुपये से बढ़कर 13,200 रुपये हो गया था। इसके बाद 30 मई 2023 को जारी आदेश के तहत 1 अप्रैल 2023 से मानदेय में 6,300 रुपये की वृद्धि की गई। इस बढ़ोतरी के बाद नगर सैनिकों का मूल मासिक मानदेय 19,500 रुपये निर्धारित हुआ था। अब नए प्रस्ताव में मूल मानदेय के अतिरिक्त 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता और वर्दी धुलाई भत्ता जोड़कर कुल राशि 30,870 रुपये करने की अनुशंसा की गई है।

गृह विभाग ने मानदेय बढ़ाने की अनुशंसा के पीछे न्यायालय के निर्देशों, लगातार बढ़ती महंगाई और नगर सैनिकों की जिम्मेदारियों को प्रमुख आधार बताया है। नगर सैनिक कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अग्निशमन सेवाओं, आपदा प्रबंधन और अन्य आवश्यक कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मानदेय में प्रस्तावित बढ़ोतरी से नगर सैनिकों को आर्थिक मजबूती मिलने के साथ उनके मनोबल में भी वृद्धि होने की उम्मीद है। इससे उनकी सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता को प्रोत्साहन मिलेगा।

इतना मिलेगा मानदेय
प्रस्तावित राशि का विवरण इस प्रकार है:
मूल मानदेय: 19,500 रुपये प्रतिमाह
महंगाई भत्ता: 11,310 रुपये प्रतिमाह (58 प्रतिशत)
वर्दी धुलाई भत्ता: 60 रुपये प्रतिमाह
कुल प्रस्तावित मानदेय: 30,870 रुपये प्रतिमाह
इस हिसाब से नगर सैनिकों का प्रस्तावित मानदेय प्रतिदिन लगभग 1,029 रुपये होगा। हालांकि, इसे लागू करने की अंतिम स्थिति शासन के आदेश पर निर्भर करेगी। नगर सैनिकों ने मानदेय बढ़ाने की पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया है।



































