KANKER NEWS. छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नंदनमारा के पास हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत के बाद ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया। नाराज ग्रामीणों ने बुधवार सुबह बाईपास मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। उन्होंने सड़क पर पर्याप्त लाइटिंग, स्पीड ब्रेकर और अन्य सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की। प्रदर्शन में महिलाएं और बच्चियां भी शामिल हुईं। ग्रामीणों का कहना था कि बाईपास पर सुरक्षा व्यवस्था की कमी के कारण हादसों का खतरा बना रहता है। काफी समझाइश के बाद एसडीएम मौके पर पहुंचे। उनके लिखित आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इसके बाद मार्ग पर यातायात बहाल करने के प्रयास शुरू किए गए।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के नंदनमारा में मंगलवार रात सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक इसी गांव के निवासी थे। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल था, वहीं बाईपास मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई। ग्रामीणों ने मार्ग पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने और स्पीड ब्रेकर की व्यवस्था नहीं होने पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि सड़क पर सुरक्षा के जरूरी इंतजाम होने चाहिए, ताकि वाहन चालकों को दूर से रास्ता दिखाई दे और वाहनों की गति नियंत्रित रखी जा सके।

महिलाओं और बच्चियों ने भी किया प्रदर्शन
दो युवकों की मौत से नाराज ग्रामीण बुधवार सुबह बाईपास मार्ग पर जुटे और चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन में महिलाएं और बच्चियां भी शामिल हुईं। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई का भरोसा मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा। चक्काजाम के कारण मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ। सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने और उनकी मांगों पर चर्चा करने का प्रयास किया।

एसडीएम के लिखित आश्वासन के बाद खत्म हुआ चक्काजाम
ग्रामीणों की मांगों और प्रदर्शन को देखते हुए एसडीएम भी मौके पर पहुंचे। काफी समझाइश के बाद अधिकारियों ने ग्रामीणों को उनकी मांगों पर कार्रवाई का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया। प्रदर्शन खत्म होने के बाद प्रभावित मार्ग पर यातायात बहाल करने के प्रयास शुरू किए गए। ग्रामीणों की प्रमुख मांग है कि संबंधित विभाग बाईपास का निरीक्षण कर सड़क पर पर्याप्त लाइटिंग, स्पीड ब्रेकर और अन्य जरूरी सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करे।






































