KORBA NEWS. छत्तीसगढ़ के कोरबा में सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए तीन महिलाओं ने चलती कार पर खतरनाक स्टंट किया। गरबा पोशाक पहने एक महिला कार के बोनट पर लेट गई, जबकि दो अन्य महिलाएं कार के दोनों ओर दरवाजों पर लटककर डांस करती नजर आईं। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र के रविशंकर नगर का है। बताया जा रहा है कि जिस रास्ते पर महिलाओं ने स्टंट किया, वहां से दुर्गा पूजा पंडाल तक पहुंचा जाता है। वीडियो में सड़क पर सजावट के लिए लगाई गई झालर भी दिखाई दे रही हैं।
‘जस्ट चील चील चील’ गाने पर बनाई रील
वायरल वीडियो में तीनों महिलाएं ‘जस्ट चील चील चील’ गाने पर स्टंट करती दिखाई दे रही हैं। वीडियो के साथ एक कैप्शन भी पोस्ट किया गया था, जिसमें लिखा था, ‘फ्रीडम उसी को मिलती है, जो घर में गाली खाने का जिगरा रखता हो।’

रील सामने आने के बाद लोगों ने इस हरकत को खतरनाक बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। चलती कार के बोनट पर लेटना और दरवाजों पर लटककर डांस करना न केवल संबंधित लोगों के लिए, बल्कि सड़क पर मौजूद अन्य वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा कर सकता है।
स्वीट्स कारोबारी की बताई जा रही कार
वीडियो में दिखाई दे रही काले रंग की कार का पंजीयन नंबर CG 12 BV 6007 बताया गया है। जानकारी के मुताबिक, यह कार मिठाई कारोबारी राजेंद्र बरनवाल की है। बोनट पर लेटी महिला को उनकी पत्नी विदिशा बरनवाल बताया गया है।
पुलिस ने वाहन के पंजीयन नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान की और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने क्या कहा?
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि चलती कार के बोनट और दरवाजों पर इस तरह स्टंट करना बेहद खतरनाक है। इससे स्टंट करने वालों के साथ सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी।
पुलिस के अनुसार, वाहन मालिक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। वीडियो में दिखाई दे रही महिलाओं के विरुद्ध भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने युवाओं से सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए सड़क पर इस तरह के जोखिम भरे करतब नहीं करने की अपील की है।




































