BILASPUR NEWS. तोरवा थाना क्षेत्र के नयापारा में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रात में सोने के लिए बिस्तर पर पहुंचे 10 वर्षीय मासूम को उसमें छिपे जहरीले सांप ने डस लिया। सांप के काटने के बाद परिजन तत्काल बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

सोने गया था मासूम, अचानक मच गई चीख-पुकार
नयापारा निवासी गौरव चंद्राकर रात में रोज की तरह सोने के लिए अपने बिस्तर पर गया था। इसी दौरान बिस्तर में पहले से छिपे सांप ने उसे डस लिया। कुछ ही देर में बच्चे की हालत बिगड़ने लगी। घटना का पता चलते ही परिवार में हड़कंप मच गया और परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर दौड़े।

सिम्स में चला इलाज, नहीं बच सकी जान
गौरव की गंभीर हालत को देखते हुए उसे सिम्स (CIMS) बिलासपुर में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज शुरू किया गया, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हो सका। आखिरकार इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया।

मासूम की मौत से परिवार में मातम
गौरव की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में सोने के दौरान हुई इस दर्दनाक घटना से नयापारा क्षेत्र में भी शोक का माहौल है। घटना ने एक बार फिर बारिश और गर्मी के मौसम में घरों में सांपों के छिपने को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।




































