NOIDA NEWS. ऑनलाइन ऐप के जरिए पार्सल भेजना और मंगाना आज आम बात हो गई है, लेकिन नोएडा से सामने आया एक मामला महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। एक महिला ने Rapido के जरिए पार्सल सर्विस बुक की थी। सामान तय समय पर पहुंच गया, लेकिन इसके बाद डिलीवरी करने वाले राइडर ने महिला के निजी मोबाइल नंबर पर मैसेज करना शुरू कर दिया।

महिला का आरोप है कि राइडर ने पहले सामान्य बातचीत शुरू की और फिर सीधे ‘I Love You’ लिखकर मैसेज भेज दिया। महिला ने जब उसे दोबारा संपर्क न करने की चेतावनी दी और पुलिस में शिकायत करने की बात कही, तो राइडर ने कथित तौर पर बेखौफ अंदाज में जवाब दिया- ‘हां कर दो, जाओ।’

पहले पूछा- ‘हेलो, कैसी हो आप’, फिर भेजा ‘I Love You’
नोएडा निवासी गीतिका श्रीवास्तव ने अपने सामान को भेजने के लिए Rapido की पार्सल सर्विस बुक की थी। डिलीवरी पूरी होने के बाद उनके निजी नंबर पर राइडर की ओर से मैसेज आने लगे। गीतिका के मुताबिक, राइडर ने शुरुआत में ‘हेलो, कैसी हो आप’ जैसे मैसेज भेजे। इसके बाद उसने महिला को ‘I Love You’ लिखकर मैसेज किया। अचानक आए इस तरह के निजी संदेशों से महिला हैरान रह गईं। उन्होंने राइडर को ऐसा करने से मना किया और चेतावनी दी कि अगर उसने दोबारा कॉल या मैसेज किया तो वह पुलिस में शिकायत करेंगी।

महिला ने कहा- पुलिस में शिकायत करूंगी, जवाब मिला ‘हां कर दो’
महिला की शिकायत की चेतावनी के बाद भी राइडर के कथित जवाब ने मामले को और गंभीर बना दिया। महिला के अनुसार, उसने जवाब में कहा- ‘हां कर दो। जाओ। Rapido में कर दो।’ राइडर के इस कथित रवैये से परेशान होकर गीतिका ने पूरी WhatsApp चैट के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म LinkedIn पर शेयर किए।

LinkedIn पर पोस्ट कर उठाए सवाल
गीतिका ने अपनी पोस्ट में महिला सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर कोई महिला सामान्य तौर पर पार्सल भी बुक करती है और डिलीवरी के बाद उसका निजी नंबर इस तरह इस्तेमाल किया जाता है, तो उसकी सुरक्षा और निजता का क्या होगा। उन्होंने डिलीवरी पार्टनर्स की हायरिंग और वेरिफिकेशन प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए और पूछा कि आखिर ऐसे मामलों में कार्रवाई का डर क्यों नहीं दिखाई देता।
सोशल मीडिया पर भड़के यूजर्स
पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने भी नाराजगी जताई। कई यूजर्स ने कहा कि कंपनी को केवल माफी मांगने के बजाय यह स्पष्ट करना चाहिए कि संबंधित डिलीवरी पार्टनर के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई। कुछ लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि डिलीवरी के लिए ग्राहक का निजी मोबाइल नंबर राइडर तक किस तरह पहुंचा और ग्राहक की निजी जानकारी की सुरक्षा के लिए कंपनियों की क्या व्यवस्था है।
Rapido ने मांगी माफी, कार्रवाई का दिया भरोसा
मामला सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद Rapido की ओर से महिला की पोस्ट पर जवाब दिया गया। कंपनी ने घटना पर खेद जताते हुए कहा कि ग्राहक की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा उसकी प्राथमिकता है। कंपनी ने संबंधित राइडर के व्यवहार को गंभीरता से लेने की बात कही और गीतिका से राइड ID तथा रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर को डायरेक्ट मैसेज के जरिए साझा करने को कहा, ताकि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जा सके।



































