AADHAAR NAME UPDATE ONLINE. Aadhaar Card आज के समय में सबसे जरूरी पहचान दस्तावेजों में से एक है। ऐसे में आधार कार्ड पर दर्ज नाम का सही होना बेहद जरूरी है। शादी, तलाक या किसी अन्य व्यक्तिगत कारण से अगर आपका नाम या सरनेम बदल गया है, तो आधार में भी इसे अपडेट कराना जरूरी हो जाता है।

पहले आधार में नाम बदलने या सुधार कराने को लेकर लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। खासकर शादी या तलाक के बाद नाम बदलने वाले कई लोगों के आवेदन दस्तावेजों से जुड़ी दिक्कतों के कारण अटक जाते थे। अब UIDAI ने नाम अपडेट करने के लिए जरूरी दस्तावेजों और प्रक्रिया को लेकर नियमों को ज्यादा स्पष्ट किया है।

आधार में नाम अपडेट को लेकर क्या बदला?
पहले भी आधार में नाम अपडेट करने की सुविधा उपलब्ध थी, लेकिन ऑनलाइन प्रक्रिया में आमतौर पर नाम की स्पेलिंग, टाइपो जैसी गलतियों को सुधारने पर ज्यादा जोर था। शादी के बाद सरनेम बदलने या तलाक के बाद पुराने नाम पर वापस जाने जैसे मामलों में सही दस्तावेज नहीं होने पर आवेदन रिजेक्ट हो सकता था।

अब UIDAI की ओर से स्वीकार किए जाने वाले दस्तावेजों को लेकर जानकारी स्पष्ट होने से आवेदकों के लिए प्रक्रिया आसान हुई है। हालांकि, नाम में बदलाव के लिए आपके पास मान्य और संबंधित सपोर्टिंग डॉक्यूमेंट होना जरूरी है।
Aadhaar Card में ऑनलाइन नाम कैसे बदलें?
अगर आप आधार में अपना नाम अपडेट करना चाहते हैं, तो इन स्टेप्स को फॉलो कर सकते हैं:
- सबसे पहले UIDAI के myAadhaar पोर्टल पर जाएं।
- अपना आधार नंबर और कैप्चा कोड दर्ज करके Login with OTP पर क्लिक करें।
- आपके आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर आए 6 अंकों के OTP को दर्ज करें।
- लॉग-इन करने के बाद Name / Gender / Date of Birth & Address Update विकल्प चुनें।
- इसके बाद Update Aadhaar Online पर क्लिक करें।
- अब Name विकल्प चुनकर Proceed to Update Aadhaar पर क्लिक करें।
- अपना नया और सही नाम दर्ज करें।
- नाम बदलने के कारण के अनुसार संबंधित सपोर्टिंग डॉक्यूमेंट की स्पष्ट स्कैन कॉपी अपलोड करें।
- दर्ज की गई जानकारी को ध्यान से जांचें और आगे ऑनलाइन पेमेंट करें।
- निर्धारित शुल्क का भुगतान करने के बाद आवेदन की एक्नॉलेजमेंट स्लिप डाउनलोड कर लें।
इस स्लिप को संभालकर रखना जरूरी है, क्योंकि इसी की मदद से आप अपने आधार अपडेट रिक्वेस्ट का स्टेटस ट्रैक कर सकते हैं।
शादी के बाद नाम बदलना है तो कौन सा दस्तावेज चाहिए?
अगर शादी के बाद आधार कार्ड में नाम या सरनेम बदलना है, तो मैरिज सर्टिफिकेट जैसे संबंधित दस्तावेज की जरूरत पड़ सकती है। यदि मैरिज सर्टिफिकेट पर आवेदक की फोटो नहीं है, तो पुराने नाम वाला कोई वैध फोटो पहचान दस्तावेज भी मांगा जा सकता है।

तलाक के बाद नाम बदलने के लिए क्या करें?
तलाक के बाद नाम अपडेट कराने के लिए फैमिली कोर्ट द्वारा जारी तलाक की डिक्री संबंधित दस्तावेज के रूप में इस्तेमाल की जा सकती है। अगर तलाक की डिक्री पर फोटो नहीं है, तो पुराने नाम वाला फोटो पहचान पत्र भी देना पड़ सकता है।
बिना शादी या तलाक के नाम बदलना हो तो?
अगर शादी या तलाक के अलावा किसी व्यक्तिगत कारण से अपना पहला नाम या पूरा नाम बदलना है, तो इसके लिए भारत सरकार का आधिकारिक गजट नोटिफिकेशन जरूरी हो सकता है। ध्यान रखें कि गजट नोटिफिकेशन नाम बदलने के लिए स्वीकार किया जाता है। इसे पते या जन्मतिथि में बदलाव के दस्तावेज के तौर पर इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।
आवेदन करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
आधार में नाम अपडेट करते समय सबसे जरूरी बात यह है कि आपके द्वारा दर्ज किया गया नया नाम और अपलोड किया गया दस्तावेज एक-दूसरे से मेल खाते हों। डॉक्यूमेंट की कॉपी भी स्पष्ट होनी चाहिए। साथ ही आवेदन सबमिट करने से पहले नाम की स्पेलिंग और बाकी जानकारी को अच्छी तरह जांच लें, ताकि गलत जानकारी के कारण रिक्वेस्ट में परेशानी न आए।



































