BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में न्यायिक व्यवस्था को और मजबूती मिलने जा रही है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की अनुशंसा के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हाई कोर्ट में तीन नए न्यायाधीशों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। इसके बाद केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्रालय ने नियुक्तियों की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी। नए न्यायाधीशों में सुषमा सावंत, सुधीर कुमार और संतोष शर्मा शामिल हैं।

संविधान के अनुच्छेद 217 के खंड (1) के तहत जारी अधिसूचना के अनुसार तीनों न्यायिक अधिकारियों को छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। इन नियुक्तियों से हाई कोर्ट में लंबित मामलों के निपटारे और न्यायिक कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
18 अगस्त को कॉलेजियम ने दी थी हरी झंडी
तीनों नियुक्तियों का रास्ता सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की 18 अगस्त 2026 को हुई बैठक में साफ हुआ था। कॉलेजियम ने छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में न्यायाधीश के पद पर नियुक्ति के लिए बेंच कोटे से तीन न्यायिक अधिकारियों के नामों की अनुशंसा की थी। राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद अब इन नियुक्तियों पर औपचारिक मुहर लग गई है।

बार कोटे पर भी टिकी नजर
हाई कोर्ट में जजों की नियुक्ति के लिए बेंच और बार कोटे से पांच-पांच नामों का प्रस्ताव भेजा गया था। फिलहाल बेंच कोटे से तीन नामों को मंजूरी मिली है। अब अधिवक्ता कोटे से भेजे गए नामों पर सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम के फैसले का इंतजार है। ऐसे में आने वाले दिनों में हाई कोर्ट को और नए न्यायाधीश मिलने की संभावना बनी हुई है।
तीनों नए जजों का रहा लंबा न्यायिक अनुभव
सुषमा सावंत: सुषमा सावंत उच्च न्यायिक सेवा में लंबे अनुभव के बाद हाई कोर्ट तक पहुंची हैं। वे महासमुंद, बिलासपुर और राजनांदगांव में जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में सेवाएं दे चुकी हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी की निदेशक, कुटुंब न्यायालय बिलासपुर की प्रधान न्यायाधीश और विधि एवं विधायी कार्य विभाग में अतिरिक्त सचिव व प्रधान सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं।

सुधीर कुमार: B.A., LL.B. शिक्षित सुधीर कुमार को जिला न्यायालयों के साथ विशेष न्यायालय और कुटुंब न्यायालय में काम करने का व्यापक अनुभव है। वे न्यायिक अकादमी में प्रशिक्षण एवं क्षमता विकास, हाई कोर्ट में विजिलेंस व प्रशासनिक जिम्मेदारियों और लोक सेवा आयोग में विधिक सलाहकार के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने बिलासपुर, जशपुर, कोरबा, महासमुंद, दंतेवाड़ा, धमतरी और दुर्ग सहित कई जिलों में न्यायिक दायित्व संभाले हैं।

संतोष शर्मा: मूल रूप से सीहोर, मध्य प्रदेश के रहने वाले संतोष शर्मा ने 19 मार्च 2009 को सीधे उच्च न्यायिक सेवा में प्रवेश किया था। 16 वर्षों से अधिक के न्यायिक अनुभव वाले शर्मा वर्तमान में कोरबा में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश हैं। वे छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में रजिस्ट्रार (S&A) और रजिस्ट्रार (Vigilance) जैसे अहम पदों पर भी रह चुके हैं। बिलासपुर, जगदलपुर, अंबिकापुर, दंतेवाड़ा, बलौदाबाजार, रायपुर और सूरजपुर में भी उन्होंने विभिन्न न्यायिक पदों पर सेवाएं दी हैं।
तीन नए न्यायाधीशों की नियुक्ति के साथ अब सबकी नजर हाई कोर्ट में बार कोटे से होने वाली अगली नियुक्तियों पर है।





































