RAJNANDGAON NEWS. छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में छात्राओं से कथित छेड़खानी और परीक्षा में पास कराने के बदले अनुचित संबंध का प्रस्ताव देने के मामले में पुलिस ने आखिरकार कार्रवाई की है। गैंदाटोला स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के शिक्षक तिलक यदु के खिलाफ शिकायत के चार दिन बाद पुलिस ने FIR दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक अन्य व्यक्ति रमीज कुरैशी को भी सह-आरोपित बनाया गया है, जिसकी तलाश जारी है।

मामला एक आदिवासी छात्रा की शिकायत से सामने आया। आरोप है कि शिक्षक लंबे समय से छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार करता था। शिकायत के मुताबिक, परीक्षा में पास कराने का भरोसा देकर छात्राओं पर अनुचित संबंध बनाने का दबाव भी बनाया जाता था।

शिकायत के बाद समझौते का बनाया गया दबाव
बताया जा रहा है कि छात्रा ने 1 सितंबर को गैंदाटोला थाने में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत की जानकारी आरोपित शिक्षक को मिलने के बाद कथित तौर पर छात्रा और उसके साथ थाने पहुंची महिलाओं पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया।

परिजनों और स्थानीय महिलाओं के अनुसार, मामले को समझौते के जरिए खत्म करने की कोशिश भी की गई। आरोपित शिक्षक ने थाना स्टाफ और क्षेत्र के प्रभावशाली लोगों की मौजूदगी में माफी मांगने तथा भविष्य में ऐसी हरकत नहीं करने का आश्वासन दिया। हालांकि, छात्रा कार्रवाई की मांग पर अड़ी रही।

जिला मुख्यालय पहुंचने के बाद हुई कार्रवाई
जब स्थानीय स्तर पर कार्रवाई नहीं हुई तो शुक्रवार को महिलाएं छात्रा को लेकर जिला मुख्यालय पहुंचीं और एएसपी कीर्तन राठौर से मामले की शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने मामले में FIR दर्ज की।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपित शिक्षक तिलक यदु को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि सह-आरोपित रमीज कुरैशी की तलाश की जा रही है।
तीन साल पहले भी प्रस्ताव देने का आरोप
दर्ज मामले के अनुसार, छात्रा जब करीब तीन वर्ष पहले कक्षा 9वीं में पढ़ती थी, तब भी कथित तौर पर उसे परीक्षा में पास कराने के नाम पर अनुचित संबंध बनाने का प्रस्ताव दिया गया था। आरोप है कि यह संदेश सह-आरोपित रमीज के माध्यम से और सोशल मीडिया के जरिए भी भेजा गया था।
पुलिस ने शिक्षक और सह-आरोपित के खिलाफ POCSO Act सहित SC/ST Act के तहत मामला दर्ज किया है।
एएसपी कीर्तन राठौर ने बताया कि मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है और दूसरे सह-आरोपित की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि उसे भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।





































