NEW DELHI NEWS. भारत और अमेरिका के रिश्तों को लेकर अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच लगातार मजबूत हो रही दोस्ती और साझेदारी को देखकर दुनिया के कई देश ईर्ष्या महसूस करते हैं। गोर ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच बेहद अच्छे व्यक्तिगत संबंध हैं और आगामी दिसंबर में फ्लोरिडा में होने वाले G20 शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों नेताओं की मुलाकात की संभावना है।

नई दिल्ली में ACMA के 66वें वार्षिक सत्र को संबोधित करते हुए और एक मीडिया इंटरव्यू में सर्जियो गोर ने भारत-अमेरिका संबंधों को बेहद मजबूत बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रम्प जिन प्रमुख वैश्विक नेताओं से मुलाकात करना चाहते हैं, उनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम प्राथमिकता में है।
हालांकि, मोदी और ट्रम्प के बीच किसी आधिकारिक द्विपक्षीय बैठक का ऐलान अभी नहीं हुआ है, लेकिन दोनों नेताओं की अलग से मुलाकात की संभावना जताई जा रही है। गोर ने यह भी संकेत दिए कि राष्ट्रपति ट्रम्प वर्ष 2027 में भारत का दौरा कर सकते हैं।

ट्रेड डील के बेहद करीब पहुंचे भारत-अमेरिका
भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर भी अमेरिकी राजदूत ने सकारात्मक संकेत दिए। उन्होंने कहा कि दोनों देश ट्रेड डील के बेहद करीब पहुंच चुके हैं। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के एक हालिया फैसले के बाद समझौते से जुड़े कुछ मुद्दों पर दोबारा काम किया जा रहा है।

गोर ने उम्मीद जताई कि आने वाले कुछ महीनों में व्यापार समझौते को अंतिम रूप दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और यूरोपीय संघ के बीच हुई लंबी व्यापार वार्ताओं की तरह बड़े समझौतों में समय लगना स्वाभाविक है।
500 अरब डॉलर के व्यापार का लक्ष्य
अमेरिकी राजदूत ने बताया कि वर्तमान में भारत और अमेरिका के बीच करीब 240 अरब डॉलर का द्विपक्षीय व्यापार हो रहा है। दोनों देशों का लक्ष्य आने वाले वर्षों में इसे बढ़ाकर 500 अरब डॉलर तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित ट्रेड डील से दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। अमेरिका एक मजबूत और स्थिर भारत के साथ अपनी रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी को और आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।




































