BILASPUR NEWS. बिलासपुर। जन्माष्टमी के उत्साह के बीच छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। मटकी फोड़ कार्यक्रम के लिए मटकी बांधना एक युवक को भारी पड़ गया। राजीव गांधी चौक पर मटकी बांधने के दौरान युवक अचानक हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया और बुरी तरह झुलस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। घायल युवक की पहचान रेहान खान के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि जन्माष्टमी के अवसर पर राजीव गांधी चौक में मटकी फोड़ कार्यक्रम की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान रेहान मटकी बांधने के लिए ऊपर की ओर गया। वह मटकी बांधने में जुटा ही था कि पास से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। हाईटेंशन तार की चपेट में आते ही रेहान गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। किसी तरह उसे वहां से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

फिलहाल रेहान का सिम्स अस्पताल में इलाज जारी है। उसकी हालत को लेकर चिकित्सकों की निगरानी में उपचार किया जा रहा है। घटना ने जन्माष्टमी के दौरान आयोजित होने वाले मटकी फोड़ कार्यक्रमों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हाईटेंशन लाइन के आसपास कार्यक्रम की तैयारी कितनी सुरक्षित थी और सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए गए थे या नहीं, पुलिस इसकी जांच कर रही है।

सिविल लाइन पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और घटना के दौरान मौजूद परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।



































