BIHAR NEWS : बिहार की राजधानी पटना से सटे मसौढ़ी इलाके में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तीन बच्चों की मां एक महिला अपने प्रेमी से मिलने की जिद में करीब 200 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला सुबह करीब 5 बजे टावर पर पहुंची और ऊपर से लगातार अपने प्रेमी को मौके पर बुलाने की मांग करने लगी।
महिला के टावर पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके में बड़ी संख्या में लोग जुट गए। किसी अनहोनी की आशंका के चलते लोगों की चिंता बढ़ गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश शुरू की।

‘प्रेमी सामने आएगा तभी नीचे उतरूंगी’
टावर पर चढ़ी महिला लगातार कह रही थी कि वह अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती है। उसका कहना था कि जब तक उसका प्रेमी सामने आकर उससे बात नहीं करेगा, वह टावर से नीचे नहीं उतरेगी। महिला ने अपने प्रेमी पर कई गंभीर आरोप भी लगाए। उसके मुताबिक, प्रेमी ने उसके साथ रुपये की ठगी की है। इसके अलावा उसने यौन शोषण और मारपीट का आरोप भी लगाया। महिला लगातार अपने प्रेमी को मौके पर बुलाने की मांग करती रही। इस दौरान नीचे मौजूद पुलिसकर्मी उससे बातचीत कर उसे शांत करने की कोशिश करते रहे।

पुलिस ने भरोसा दिलाया, तब नीचे आने को हुई तैयार
पुलिस ने महिला से काफी देर तक बातचीत की। अधिकारियों ने उसे भरोसा दिलाया कि उसकी शिकायत को गंभीरता से सुना जाएगा और उसके द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी। कई घंटे की समझाइश के बाद महिला टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार हुई। पुलिस की मौजूदगी में उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। महिला के नीचे आने के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

पांच घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा
करीब पांच घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान मोबाइल टावर के आसपास बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा रही। इलाके में महिला के टावर पर चढ़ने और उसके द्वारा लगाए गए आरोपों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। महिला के सुरक्षित नीचे आने के बाद पुलिस ने उससे पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। साथ ही उसके प्रेमी पर लगाए गए रुपये की ठगी, यौन शोषण और मारपीट के आरोपों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि महिला के आरोपों की जांच के बाद ही मामले की पूरी सच्चाई सामने आएगी।





































