AYODHYA NEWS. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। ट्रस्ट की बैठक में पूर्व एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा को राम मंदिर ट्रस्ट का पहला मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है। वहीं, ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि को नई जिम्मेदारी देते हुए महासचिव बनाया गया है।

39 साल का सैन्य अनुभव
राम मंदिर के नए CEO जीतेंद्र मिश्रा भारतीय वायुसेना में करीब 39 वर्षों तक सेवाएं दे चुके हैं। वे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारतीय वायुसेना की पश्चिमी कमान का नेतृत्व कर चुके हैं। अब उन्हें राम मंदिर ट्रस्ट के प्रशासनिक और प्रबंधन से जुड़े कार्यों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

ट्रस्ट को मिले 3 नए सदस्य, पहली महिला ट्रस्टी भी बनीं
बैठक में ट्रस्ट के लिए तीन नए सदस्यों का भी चयन किया गया। दिल्ली के महेश भागचंदका, अयोध्या के अधिवक्ता मदन मोहन पांडेय और शिकोहाबाद निवासी निर्मला यादव को ट्रस्ट में शामिल किया गया है। निर्मला यादव को ट्रस्ट की पहली महिला ट्रस्टी बनाए जाने को भी महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है।

चढ़ावा चोरी विवाद के बाद हुआ बड़ा बदलाव
मंदिर परिसर में करीब तीन महीने पहले सामने आए चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद ट्रस्ट के प्रशासनिक ढांचे में यह बड़ा फेरबदल हुआ है। इस मामले में आठ आरोपी जेल में बंद बताए जा रहे हैं।
विवाद के बाद 2 जुलाई को तत्कालीन महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद रिटायर्ड IFS कृष्ण मोहन ने करीब 58 दिनों तक कार्यवाहक महासचिव के रूप में जिम्मेदारी संभाली। अब नए CEO और महासचिव की नियुक्ति के साथ राम मंदिर ट्रस्ट ने अपने प्रशासनिक ढांचे को नई दिशा देने की पहल की है।






































