RAJNANDGAON NEWS. छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया। छुरिया थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और बाइक की आमने-सामने टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के तीन सगे भाई-बहन शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम गहिराभेड़ी निवासी संदीप साहू (19) खेती का काम करता था। उसकी दोनों बहनें भारती साहू उर्फ भूपेश्वरी (23) और टिकेश्वरी साहू उर्फ डीकेश्वरी (25) शादीशुदा थीं और त्योहार मनाने के लिए मायके आई हुई थीं।

1 सितंबर को तीनों भाई-बहन त्योहार की खरीदारी करने बाइक से छुरिया गए थे। शाम को शॉपिंग के बाद वे अपने गांव गहिराभेड़ी लौट रहे थे।
नहर के पास स्कॉर्पियो ने मारी जोरदार टक्कर
बताया जा रहा है कि शाम करीब 7 बजे शिकारीमहका-भोलापुर मार्ग पर नहर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों सवार उछलकर दूर जा गिरे।

हादसे में संदीप और उसकी एक बहन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, टिकेश्वरी गंभीर रूप से घायल हो गईं। राहगीरों की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल टिकेश्वरी को छुरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
अस्पताल में इलाज के दौरान तीसरी बहन ने तोड़ा दम
प्राथमिक उपचार के बाद टिकेश्वरी को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर किया गया। हालांकि, हालत गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। इस तरह एक ही परिवार के तीन भाई-बहनों की जान चली गई।
हादसे में स्कॉर्पियो सवार लोगों को भी चोटें आईं। इनमें भोलापुर निवासी कमल बंजारे (65) की तबीयत बिगड़ गई। इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
अंधेरा और तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह?
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और शाम के समय अंधेरा होना सामने आ रही है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल का निरीक्षण किया और शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
गांव में पसरा मातम
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से ग्राम गहिराभेड़ी में मातम पसरा हुआ है। त्योहार के लिए मायके आई दोनों बहनों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। ग्रामीणों के मुताबिक, घटना के बाद गांव के कई घरों में चूल्हा तक नहीं जला।

अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। खुज्जी विधायक भोलाराम साहू और पूर्व विधायक छन्नी साहू भी अंतिम संस्कार में पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।





































