JALAUN NEWS. उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में एक 10वीं की छात्रा ने कथित तौर पर उसका पीछा कर परेशान करने वाले युवक का डटकर सामना किया। आरोप है कि रविवार देर शाम छात्रा को घर में अकेला देखकर युवक अंदर घुस गया और उसके साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। छात्रा ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुला लिया।

आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद छात्रा ने चप्पल उठाकर उसकी पिटाई कर दी। घटना का वीडियो अब सामने आया है, जिसमें छात्रा आरोपी से पूछती नजर आ रही है कि वह घर में क्यों घुसा और उसका पीछा क्यों करता है।
तीन महीने से कर रहा था पीछा
छात्रा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह घर से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित स्कूल में पढ़ती है। भगतसिंहनगर निवासी नजर खान (22) पिछले करीब तीन महीने से उसका पीछा कर रहा था। छात्रा के मुताबिक, आरोपी स्कूल जाते और लौटते समय उसका पीछा करता था। वह कई बार उससे बात करने की कोशिश भी कर चुका था। लगातार परेशान किए जाने से छात्रा डरने लगी थी।

घर में अकेली थी छात्रा
छात्रा ने FIR में बताया कि रविवार शाम उसके दादा किसी काम से घर से बाहर गए थे। इसी दौरान आरोपी घर में घुस आया। आरोप है कि उसने छात्रा के साथ अभद्रता और गलत हरकत करने की कोशिश की। छात्रा ने विरोध करते हुए शोर मचा दिया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिवार के सदस्य मौके पर पहुंच गए। लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद छात्रा ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।
छात्रा ने चप्पलों से की पिटाई
आरोपी को पकड़ने के बाद गुस्साई छात्रा ने चप्पल से उसकी पिटाई की। वीडियो में वह आरोपी से सवाल करती दिखाई दे रही है। आरोपी माफी मांगते हुए दोबारा पीछा नहीं करने की बात कहता नजर आया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने साथ ले गई।

मां की मौत के बाद दादा के साथ रहती है छात्रा
बताया गया है कि 16 वर्षीय छात्रा की मां का कुछ साल पहले निधन हो गया था। इसके बाद उसके पिता ने दूसरी शादी कर ली। सौतेली मां शिक्षक हैं और दूसरे जिले में तैनात हैं। छात्रा के पिता ड्राइवर हैं और अक्सर काम के सिलसिले में बाहर रहते हैं। छात्रा अपनी दो विवाहित बहनों से अलग अपने दादा के साथ रहती है।
पुलिस ने दर्ज की FIR
कोंच कोतवाली प्रभारी निग्वेंद्र प्रताप ने बताया कि आरोपी युवक को मौके से पकड़ लिया गया है। छात्रा की शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस स्कूल में छात्रा के साथ पढ़ने वाली अन्य छात्राओं से भी पूछताछ करेगी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।





































