KARN SHARMA RETIREMENT. भारतीय क्रिकेट के अनुभवी लेग स्पिनर कर्ण शर्मा ने 38 साल की उम्र में इंटरनेशनल और भारतीय घरेलू क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। 22 अगस्त को यूपी टी-20 लीग में कानपुर सुपरस्टार्स और मेरठ मावेरिक्स के बीच मुकाबले के बाद उन्होंने अपने फैसले की जानकारी दी। कर्ण 25 अगस्त को लखनऊ लेग में कानपुर सुपरस्टार्स के लिए अपना विदाई मुकाबला खेलेंगे।

संन्यास की घोषणा करते हुए कर्ण शर्मा ने अपने परिवार के साथ BCCI, रेलवे, UPCA, आंध्र प्रदेश और विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन का आभार जताया। उन्होंने यह भी साफ किया कि क्रिकेट से उनका रिश्ता खत्म नहीं होगा और वह आगे कोचिंग समेत क्रिकेट से जुड़ी अन्य जिम्मेदारियों के लिए उपलब्ध रहेंगे।

2014 में तीनों फॉर्मेट में किया था भारत के लिए डेब्यू
कर्ण शर्मा का इंटरनेशनल करियर भले ही छोटा रहा, लेकिन इस दौरान उन्होंने कई यादगार मुकाबलों का हिस्सा बनने का मौका मिला। 2014 के शानदार IPL सीजन के बाद उन्होंने बर्मिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था। अपने पहले ही मैच में उन्होंने जो रूट का विकेट हासिल किया।

इसके बाद उन्होंने कोलकाता में श्रीलंका के खिलाफ वनडे डेब्यू किया। इसी मुकाबले में रोहित शर्मा ने 264 रन की ऐतिहासिक पारी खेली थी।
कर्ण को टेस्ट क्रिकेट में भी भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला। विराट कोहली की पहली टेस्ट कप्तानी वाले मुकाबले में उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया था। उस मैच में कर्ण ने 4 विकेट लिए। हालांकि, यह उनके करियर का इकलौता टेस्ट मैच साबित हुआ।

19 साल चला घरेलू क्रिकेट का सफर
कर्ण शर्मा ने 2007 में रेलवे के लिए फर्स्ट क्लास डेब्यू किया था। इसके बाद करीब 19 साल तक उन्होंने घरेलू क्रिकेट में अपना योगदान दिया। रेलवे के अलावा वह आंध्र और विदर्भ की टीमों का भी हिस्सा रहे।
IPL में भी कर्ण शर्मा का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने अपने करियर में 4 बार IPL ट्रॉफी जीती। खास बात यह रही कि 2016 से 2018 के बीच उन्होंने लगातार तीन अलग-अलग टीमों के साथ IPL खिताब अपने नाम किया।
2016: सनराइजर्स हैदराबाद
2017: मुंबई इंडियंस
2018: चेन्नई सुपर किंग्स
कर्ण शर्मा ने अपने संन्यास के ऐलान के साथ करीब दो दशक लंबे घरेलू क्रिकेट करियर को विराम दे दिया है। हालांकि, उन्होंने संकेत दिया है कि वह आगे भी कोचिंग और क्रिकेट से जुड़ी भूमिकाओं के जरिए इस खेल से जुड़े रहेंगे।





































