KATNI NEWS. मध्य प्रदेश के कटनी में वरिष्ठ आयकर अधिकारी मानवेंद्र प्रताप सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। वे माधव नगर थाना क्षेत्र के बरगवां स्थित आयकर विभाग के रेस्ट हाउस में अकेले रह रहे थे। शुक्रवार सुबह उनका शव कमरे के अंदर बिस्तर पर मिला। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। मामले की जानकारी तब हुई जब सरकारी ड्राइवर कार की चाबी लेने उनके कमरे पर पहुंचा। कई बार बेल बजाने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक कमरे में कोई हलचल नहीं होने पर कर्मचारियों को अनहोनी की आशंका हुई और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही माधव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा तोड़कर पुलिसकर्मी कमरे के अंदर दाखिल हुए तो मानवेंद्र प्रताप सिंह बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़े मिले। जांच के दौरान कमरे से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस को अधिकारी के शरीर पर भी चोट के निशान नहीं मिले हैं। प्रारंभिक तौर पर अधिकारी की मौत को साइलेंट अटैक से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी मौत की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। मानवेंद्र प्रताप सिंह मूल रूप से लखनऊ, उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। उनकी पोस्टिंग वर्ष 2024-25 में कटनी स्थित आयकर विभाग में हुई थी। जॉइनिंग के बाद से वे बरगवां स्थित विभागीय गेस्ट हाउस में रह रहे थे। वे शादीशुदा थे और उनका परिवार लखनऊ में रहता है। कटनी में वे अकेले रह रहे थे।

परिजनों के पहुंचने के बाद होगा पोस्टमॉर्टम
माधव नगर थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अधिकारी के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के कटनी पहुंचने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी।



































