रायगढ़। नगर निगम के कांग्रेस पार्षद व महिला पदाधिकारी के बीच विवाद का मामला बढ़ता जा रहा है। इस मामले में अब 5 एमआईसी सदस्य सहित 17 कांग्रेसी पार्षद सामने आ गए हैं। वे जिला पदाधिकारी को हटाने पर अड़ गए हैं। उन्होंने कहा है ऐसा नहीं हुआ तो वे सामूहिक इस्तीफा दे देंगे।
महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष व कांग्रेस की महिला पार्षद के बीच गत दिनों हुए गाली-गलौज को लेकर मंगलवार की शाम शहर के एक होटल में पार्षदों ने प्रेसवार्ता की। जहां पार्षदों का प्रतिनिधित्व कर रहे एमआईसी सदस्य सलीम नियारिया ने पूरी मामले की जानकारी दी। बताया कि घटना को लेकर वे पार्टी नियमानुसार शिकायत पार्टी फोरम में की है। वहां जांच समिति बनाई गई। समिति ने दोनों पक्षों का बयान लिया, लेकिन मामले में किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई।
मीडिया को बताया कि उक्त घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था उसमें स्पष्ट नजर आ रहा है कि महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष बरखा सिंह के द्वारा कांग्रेस सीनियर महिला पार्षद संजना शर्मा के साथ गाली-गलौज की। यह घटना कांग्रेस की छवि धूमिल करने वाली है।
पार्षदों का कहना है ऐसे में महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष को पद से हटाना चाहिए।कार्रवाई नहीं होने पर वे सामूहिक रूप से इस्तीफा सौप देंगे। इसके लिए वे बुधवार को रायपुर जाकर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम को अपना इस्तीफा सौंपेंगे।
बता दें कि नगर निगम में कुल 48 वार्ड हैं, इसमें 26 कांग्रेस के पार्षद निर्वाचित हुए हैं। कांग्रेस का बहुमत होने की वजह से शहर में कांग्रेस की महापौर व सभापति चुने गए। अब जब इसमें से 17 पार्षद पार्टी से इस्तीफा दे देते हैं तो इसका असर शहर सरकार पर भी पड़ेगा।
माना जा रहा है कि यदि विपक्ष इस मौके को भुनाने के लिए सक्रिय हुआ तो महापौर के साथ सभापति का पद भी कांग्रेस को गंवाना पड़ सकता है। हालांकि जानकार यह मानते हैं कि इस तरह की स्थिति निर्मित नहीं होगी।
प्रेसवार्ता के दौरान एमआईसी सदस्य शेख सलीम नियारिया, राकेश ताल्लुकदार, रत्थु जायसवाल, लक्ष्मीन मिरी, शौकी लाल बघेल, रमेश भगत व पार्षदों में संजना शर्मा, प्रभात साहू, लक्ष्मी नारायण साहू, आरिफ हुसैन, विनोद महेश, चंद्रमणि बरेठ मौजूद थे। वहीं वार्ड क्रमांक 1 से प्रभाती के पति गौतम महापात्रे, व 26 से पिंकी यादव की अपेक्षा उनके पति विमल यादव मौजूद थे। शेष पार्षदों की सहमति लिए जाने की बात कही गई है।
विवाद सुलझा लिया जाएगा
महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष बरखा सिंह व पार्षद संजना शर्मा के साथ हुए विवाद में जांच कमेटी ने जांच की है। इसमें अभी किसी प्रकार का निर्णय नहीं आया है। मैं निजी कारण से बाहर हूं। वापस लौटने पर यह बात सुलझा लिया जाएगा।
अनिल शुक्ला, शहरी कांग्रेस जिला अध्यक्ष
आलाकमान के निर्देश का पालन करूंगी
पार्षदों के इस्तीफे की जानकारी नहीं है। मैं पार्टी का निष्पक्ष काम कर रही हूं। जो मुझ पर आरोप लगाए गए हैं उसकी जांच हो चुकी है। आलाकमान से जो निर्देश आएगा उसका पालन करूंगी।
बरखा सिंह, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष, रायगढ़
(TNS)