KORBA NEWS. स्वतंत्रता दिवस की अलसुबह कोरबा के औद्योगिक क्षेत्र में हथियारबंद बदमाशों ने सनसनीखेज लूट की वारदात को अंजाम दिया। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) के गेट के सामने स्कॉर्पियो सवार 4-5 नकाबपोश बदमाशों ने एलपीजी सिलेंडर से लदे ट्रक को रोक लिया। बदमाशों ने चालक की कनपटी पर बंदूक तान दी और तलवार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद ट्रक से 7 भरे हुए एलपीजी सिलेंडर निकालकर स्कॉर्पियो में लादे और फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक, ट्रक क्रमांक 5764 में IOC डिपो से गैस सिलेंडर लोड किए गए थे। ट्रक बिरला की ओर जा रहा था। इसी दौरान तड़के करीब 4 बजे स्कॉर्पियो सवार नकाबपोश बदमाशों ने रास्ते में ट्रक को रोक लिया।बताया जा रहा है कि आरोपियों के पास बंदूक के साथ तलवार भी थी। एक बदमाश ने चालक की कनपटी पर बंदूक तानकर उसे धमकाया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। हथियारों के खौफ में चालक कुछ नहीं कर सका।

स्कॉर्पियो में लादे 7 भरे सिलेंडर
बदमाशों ने ट्रक में रखे 7 भरे हुए एलपीजी सिलेंडर उतारे और अपनी स्कॉर्पियो में लाद लिए। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद चालक ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

CCTV से बदमाशों की तलाश
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज के जरिए स्कॉर्पियो वाहन और उसमें सवार बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस चालक और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश देने में जुटी है।

स्वतंत्रता दिवस पर वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
स्वतंत्रता दिवस की सुबह औद्योगिक क्षेत्र में बंदूक और तलवार के दम पर हुई इस लूट ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। IOC गेट के सामने हुई वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के पीछे कौन लोग हैं और उन्होंने एलपीजी सिलेंडरों को ही निशाना क्यों बनाया।






































