CHAMOLI NEWS. उत्तराखंड के चमोली जिले में निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे ने राहत और बचाव टीमों की चुनौती बढ़ा दी है। पीपलकोटी के मायापुर में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में पानी का रिसाव होने के बाद भू-स्खलन हुआ, जिससे अंदर काम कर रहे मजदूर मलबे और पानी के बीच फंस गए। हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 3 लोग अभी भी टनल के अंदर फंसे हुए हैं। रेस्क्यू टीमों ने अभियान चलाकर 19 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। इनमें से 13 घायलों का इलाज गोपेश्वर के जिला अस्पताल में चल रहा है। एक गंभीर घायल को बेहतर उपचार के लिए श्रीनगर के हायर सेंटर रेफर किया गया है।

टनल के अंदर लगातार पानी और मलबा आने के कारण बचाव अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। रेस्क्यू टीमें फंसे मजदूरों तक पहुंचने के लिए लगातार अभियान चला रही हैं। प्रशासन के साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सेना की टीमें मौके पर तैनात हैं। 
सेना की टीम को भी टनल में फंसे लोगों को बाहर निकालने के अभियान में लगाया गया है। बचाव दल अंदर की स्थिति का आकलन करते हुए सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं। चमोली टनल हादसे में घायल 11 लोगों में बिहार के 2, झारखंड के 5, छत्तीसगढ़ के 2, पंजाब और उत्तराखंड के 1-1 लोग शामिल हैं। घायलों में चंदन कुमार सिंह, रोहित पांडे, खेला राम, दीना बेंगरा, निस्तर मैंगरा, पैल सिंह नेतांग, विनोद रायना, हबील गुड़िया, सुनील दीवान, सीवेक और तिलक राज हैं।

अधिकारियों के मुताबिक हादसा 13 अगस्त की शाम करीब 7 बजे पीपलकोटी के मायापुर में हुआ। यहां टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में अचानक पानी का रिसाव हुआ और इसके बाद भू-स्खलन से मलबा अंदर आ गया। उस समय कई मजदूर टनल के भीतर काम कर रहे थे। पानी और मलबा भरने से मजदूरों के बाहर निकलने का रास्ता प्रभावित हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और आपदा राहत दलों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

सीएम धामी ने छत्तीसगढ़ के सीएम साय को जानकारी दी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। उन्होंने आपदा प्रभावित टनल क्षेत्र में चल रहे राहत और बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री इसके बाद गोपेश्वर जिला अस्पताल पहुंचकर घायल मजदूरों से मुलाकात करेंगे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेंगे। धामी ने बताया कि उन्होंने छत्तीसगढ़ विष्णुदेव साय और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को हादसे की जानकारी देकर घायलों की जानकारी दे दी है।


































