NADED NEWS. महाराष्ट्र के नांदेड़ में शिरोमणि अकाली दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर गुरुद्वारे के अंदर हमला किया गया। गुरुवार को वे परिवार के साथ गुरुद्वारा माता साहिब कौर में माथा टेकने पहुंचे थे। इसी दौरान निहंग के भेष में आए एक शख्स ने कृपाण से उन पर वार कर दिया। हमले में बादल के हाथ में चोट लगी, जबकि उनकी सुरक्षा में तैनात एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ। घटना के बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया। जानकारी के मुताबिक, गुरुद्वारे में किसी बात को लेकर बहस के दौरान आरोपी ने सुखबीर बादल पर कृपाण से हमला किया।

पुलिस ने मौके से आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उसकी पहचान जसपाल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि उसे ऐसा लगा, इसलिए उसने हमला कर दिया। हालांकि, पुलिस उसके इस बयान को पर्याप्त नहीं मान रही है। जांच एजेंसी को आशंका है कि हमले के पीछे कोई और वजह हो सकती है। आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है।

हमले में सुखबीर सिंह बादल के हाथ में चोट आई है। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक उनकी हालत खतरे से बाहर है। उनकी सुरक्षा में तैनात एक पुलिस अधिकारी के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है। नांदेड़ की घटना के बाद पुलिस अब आरोपी की पृष्ठभूमि, उसके संपर्कों और हमले के पीछे की वास्तविक वजह की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस का फोकस यह पता लगाने पर है कि हमला अचानक हुआ या इसके पीछे पहले से कोई साजिश थी।

पहले भी हुआ था हमला
सुखबीर सिंह बादल पर इससे पहले दिसंबर 2024 में अमृतसर के स्वर्ण मंदिर के बाहर हमला करने की कोशिश हुई थी। उस समय बादल अकाल तख्त की ओर से दी गई धार्मिक सजा के तहत स्वर्ण मंदिर परिसर के बाहर सेवा कर रहे थे। आरोपी नारायण सिंह चौड़ा ने उन पर गोली चलाने की कोशिश की थी, लेकिन सुरक्षा कर्मियों की तत्परता से हमला नाकाम हो गया और गोली बादल को नहीं लगी।






































