RANCHI NEWS. झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ छात्रों का आंदोलन सोमवार को उग्र हो गया। विधानसभा घेराव करने पहुंचे हजारों छात्रों ने पुलिस की सुरक्षा बैरिकेडिंग तोड़ दी और विधानसभा गेट के समीप पहुंच गए। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने कई बार लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। झड़प के दौरान कई छात्रों के सिर में चोट लगने की सूचना है। वहीं, प्रदर्शनकारियों की ओर से भी पुलिस पर पानी की बोतलें और चप्पलें फेंकी गईं।

आंदोलनकारी छात्र सुबह करीब 10 बजे ओल्ड विधानसभा के पास जुटे थे। इसके बाद हजारों की संख्या में छात्र विधानसभा घेराव के लिए आगे बढ़े। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कंटीले तारों वाली बैरिकेडिंग के साथ छह लेयर की सुरक्षा व्यवस्था की थी। पूरे इलाके की निगरानी CCTV कैमरों से की जा रही थी।
प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बाद छात्रों ने बैरिकेडिंग पर चढ़कर विरोध जताया। इस दौरान छात्रों ने राष्ट्रगान भी गाया, लेकिन कुछ ही देर में स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस तथा प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प शुरू हो गई।

17 दिन से आंदोलन, भूख हड़ताल पर 6 छात्र
JPSC-JSSC परीक्षा को रद्द करने और कथित गड़बड़ी की जांच की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन पिछले 17 दिनों से जारी है। देवेंद्रनाथ महतो समेत छह छात्र भूख हड़ताल पर हैं। बताया गया कि तबीयत खराब होने के बावजूद भूख हड़ताल कर रहे छात्र एंबुलेंस से विधानसभा घेराव स्थल तक पहुंचे।

पूर्व JPSC अध्यक्ष गिरफ्तार
मामले में CID ने भी कार्रवाई तेज कर दी है। जांच एजेंसी ने JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांगते को गिरफ्तार किया है। बताया गया कि 21 जुलाई को JPSC कार्यालय में रेड के बाद उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया था। फिलहाल CID उनसे पूछताछ कर रही है।

राहुल गांधी ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
छात्रों पर हुए बल प्रयोग को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पुलिस कार्रवाई की निंदा की। उन्होंने कहा कि झारखंड में विरोध कर रहे छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग पूरी तरह गलत है। छात्रों को शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार है और इस समस्या का समाधान बातचीत के जरिए निकाला जाना चाहिए। उन्होंने झारखंड सरकार से छात्रों की बात सुनकर उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान करने की अपील की।






































