RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने सूबेदार, उप निरीक्षक (SI) और संवर्ग-प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा की प्रारंभिक लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। इसके साथ ही 341 पदों पर होने वाली भर्ती प्रक्रिया का अगला चरण शुरू हो गया है। प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थी अब मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे।

आयोग ने 12 जुलाई 2026 को राज्य के सभी 33 जिलों में प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की थी। परीक्षा के लिए कुल 183 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां प्रदेशभर से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया।

CGPSC द्वारा जारी परिणाम के अनुसार, मुख्य परीक्षा के लिए कुल 7,301 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। चयनित उम्मीदवार अब भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में भाग लेंगे।

अक्टूबर में होगी मुख्य परीक्षा
आयोग के अनुसार, सूबेदार, उप निरीक्षक एवं संवर्ग-प्लाटून कमांडर भर्ती की मुख्य परीक्षा 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 को संभावित रूप से आयोजित की जाएगी। मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए चयनित अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन प्रक्रिया और विस्तृत दिशा-निर्देश आयोग जल्द जारी करेगा।

सफल अभ्यर्थियों में उत्साह
प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद सफल अभ्यर्थियों में खुशी का माहौल है। अब सभी चयनित उम्मीदवार मुख्य परीक्षा की तैयारियों में जुट गए हैं। भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।







































