NEW DELHI NEWS. देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश और आकाशीय बिजली अब जानलेवा साबित हो रही है। सबसे बड़ा हादसा झारखंड में हुआ, जहां मंगलवार को बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हो गए। वहीं केरल में 1 अगस्त से जारी बारिश और बाढ़ के कारण अब तक 25 लोगों की जान जा चुकी है और 4 लोग लापता हैं। उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार और पंजाब समेत कई राज्यों में भी तेज बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई इलाकों में बाढ़, लैंडस्लाइड और जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

झारखंड में बिजली गिरने से सबसे अधिक 9 मौतें गिरिडीह, 3 दुमका और 2 लातेहार जिले में हुईं। गिरिडीह के देवरी थाना क्षेत्र में खेल के बाद एक स्थान पर बैठे युवकों पर बिजली गिरने से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। केरल में लगातार बारिश और बाढ़ के चलते हालात गंभीर बने हुए हैं। राज्य सरकार के अनुसार अब तक 25 लोगों की मौत हो चुकी है और 18 हजार से अधिक लोगों को राहत शिविरों में रखा गया है। पथनमथिट्टा, कोट्टायम और अलप्पुझा सबसे ज्यादा प्रभावित जिले हैं।

यूपी में बाढ़ और बिजली से तीन की मौत
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में दो बच्चों की गड्ढे में डूबने से मौत हो गई, जबकि एक 25 वर्षीय युवक की बिजली गिरने से जान चली गई। बिजनौर और फर्रुखाबाद में गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। 40 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में हैं और कई स्थानों पर हाईवे पर नदी का पानी बह रहा है। लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण हिमाचल प्रदेश में 160 से अधिक सड़कें बंद हैं। चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर भी लैंडस्लाइड से यातायात प्रभावित हुआ।

बिहार और पंजाब में भी अलर्ट
बिहार में पूरे राज्य के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि सुपौल और अररिया में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। पंजाब और चंडीगढ़ में 6 अगस्त तक भारी बारिश का पूर्वानुमान है। पटियाला में पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक 143 मिमी बारिश दर्ज की गई। उत्तराखंड में 99 से अधिक सड़कें बंद हैं। देहरादून और बागेश्वर में भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए 12वीं तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।






































