BALRAMPUR NEWS. बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड स्थित माध्यमिक शाला भरूहीबांस के प्रधानपाठक पर महिला शिक्षिकाओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं। स्कूल की दो शिक्षिकाओं ने बलंगी पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए कार्यस्थल पर मानसिक प्रताड़ना और गरिमा को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत क्षेत्रीय विधायक से भी की गई है, जिसके बाद पुलिस को निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए गए हैं।

शिकायत के अनुसार, एक शिक्षिका ने आरोप लगाया है कि जब वह अपने छोटे बच्चे को स्तनपान करा रही थीं, तब प्रधानपाठक मनोज गुप्ता ने कथित तौर पर छिपकर देखने की कोशिश की। शिक्षिका का कहना है कि इस घटना के बाद वह स्वयं को कार्यस्थल पर असुरक्षित महसूस करने लगीं और मानसिक रूप से आहत हुईं।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि प्रधानपाठक महिला शिक्षकों से मासिक धर्म के दौरान अवकाश लेने पर मेडिकल प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने का दबाव बनाते हैं। शिक्षिकाओं का कहना है कि इस तरह का व्यवहार उनकी गरिमा के विपरीत है और उन्हें मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है।

मामला जनप्रतिनिधियों तक पहुंचने के बाद क्षेत्रीय विधायक ने इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों को शिकायत की निष्पक्ष जांच करने और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

फिलहाल पुलिस शिकायत की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की पुष्टि और आगे की कार्रवाई के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। प्रधानपाठक की ओर से इस मामले में अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।






































