India Weather Update: देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। खासकर असम और ओडिशा में बाढ़ ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारत मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार 3 से 7 अगस्त के बीच उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है।

दिल्ली में 24 घंटे बाद बदलेगा मौसम
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को मौसम में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दिनभर बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि अगले 24 घंटे बाद मौसम का मिजाज बदल सकता है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 3 से 7 अगस्त तक व्यापक बारिश हो सकती है। वहीं बिहार के अधिकांश जिलों में 3 से 5 अगस्त के बीच अच्छी बारिश का अनुमान है, जबकि 4 और 5 अगस्त को कई जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

इन राज्यों में भी रहेगा बारिश का असर
3 से 6 अगस्त के बीच झारखंड और पश्चिम बंगाल में मध्यम से तेज बारिश की संभावना है। पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के उत्तरी एवं पूर्वी हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियां तेज रह सकती हैं। इसके अलावा कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में भारी बारिश का अनुमान है, जबकि गुजरात में बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम हो सकती है।

पंजाब में 3 और 4 अगस्त के दौरान कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और ओडिशा में हल्की से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

पहाड़ी राज्यों में बढ़ा भूस्खलन का खतरा
हिमाचल प्रदेश में पूरे सप्ताह रुक-रुककर भारी बारिश जारी रहने की संभावना है, जिससे भूस्खलन और जलभराव का खतरा बढ़ गया है। उत्तराखंड में भी मौसम खराब बना रहेगा। देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में भी मौसम खराब रहने का अनुमान जताया गया है।


































