चेन्नई: तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई से सत्ता के रसूख और बदसलूकी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री एम.के. अलागिरी की बेटी कायलविझी पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के एक ब्रांच मैनेजर को थप्पड़ मारने का आरोप लगा है। घटना बैंक में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

CCTV में कैद हुई पूरी घटना
वायरल CCTV फुटेज में देखा जा सकता है कि कायलविझी एक व्यक्ति के साथ SBI की अड्यार शाखा के मैनेजर के केबिन में मौजूद थीं। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच किसी मुद्दे पर बहस शुरू हुई, जो कुछ ही देर में तीखी नोकझोंक में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान कायलविझी ने अचानक उठकर बैंक मैनेजर को थप्पड़ मार दिया। घटना से वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए।

लिफ्ट विवाद बना झगड़े की वजह
पुलिस और बैंक अधिकारियों के अनुसार, विवाद की शुरुआत उस इमारत की खराब लिफ्ट को लेकर हुई, जिसमें SBI की शाखा संचालित होती है। बताया जा रहा है कि इमारत की मालकिन कायलविझी हैं। बैंक मैनेजर ने कर्मचारियों और ग्राहकों की सुविधा के लिए लिफ्ट ठीक कराने का अनुरोध किया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और मामला कथित तौर पर हाथापाई तक पहुंच गया।

चार धाराओं में मामला दर्ज
घटना के बाद SBI के चीफ मैनेजर की शिकायत पर चेन्नई पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने CCTV फुटेज को सबूत के तौर पर कब्जे में लिया है और कायलविझी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की चार धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।







































