RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित CGPSC भर्ती घोटाले की जांच में नया मोड़ आ गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी मामले में कार्रवाई तेज कर दी है। कथित मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध वित्तीय लेन-देन की जांच के तहत ED ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) के पूर्व अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त IAS अधिकारी टामन सिंह सोनवानी को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तारी से पहले ED ने रायपुर की विशेष अदालत से अनुमति प्राप्त की। सोनवानी पहले से ही इस मामले में न्यायिक हिरासत में जेल में बंद थे। अब ED उन्हें कस्टोडियल रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। एजेंसी का मानना है कि पूछताछ के दौरान भर्ती प्रक्रिया में हुए कथित पैसों के लेन-देन, अवैध कमाई और उससे जुड़े वित्तीय नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।

इस मामले में CBI पहले ही टामन सिंह सोनवानी और बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड के निदेशक श्रवण कुमार गोयल को गिरफ्तार कर चुकी है। CBI का आरोप है कि CGPSC की भर्ती प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं की गईं और प्रभावशाली लोगों के रिश्तेदारों को डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी समेत कई अहम पदों पर चयनित कराने के लिए कथित रूप से अवैध लेन-देन किया गया।

जांच एजेंसी के अनुसार, सोनवानी के कार्यकाल के दौरान हुई भर्ती में गंभीर गड़बड़ियां सामने आई हैं। आरोप है कि उन्होंने अपने रिश्तेदारों के अलावा कुछ कांग्रेस नेताओं और अधिकारियों के करीब 18 परिजनों को नियमों के विपरीत सरकारी नौकरियां दिलाने में भूमिका निभाई। CBI का दावा है कि जांच के दौरान कथित वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद हुए हैं।

अब ED की जांच का मुख्य उद्देश्य कथित भ्रष्टाचार से अर्जित धन की पूरी मनी ट्रेल का पता लगाना है। एजेंसी यह जांच करेगी कि कथित अवैध राशि किन लोगों तक पहुंची, उसका इस्तेमाल कहां हुआ और क्या इस पूरे मामले में मनी लॉन्ड्रिंग का संगठित नेटवर्क सक्रिय था। इसके लिए बैंक खातों, संपत्तियों और वित्तीय दस्तावेजों की गहन जांच की जाएगी।

प्रदेश के सबसे चर्चित भर्ती मामलों में शामिल CGPSC घोटाले में ED की एंट्री के बाद जांच का दायरा और बढ़ गया है। अब यह मामला केवल भर्ती में कथित अनियमितताओं तक सीमित नहीं रह गया, बल्कि आर्थिक अपराध और मनी लॉन्ड्रिंग के पहलुओं की भी जांच के केंद्र में आ गया है। आगामी दिनों में ED की पूछताछ से मामले में नए खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।





































