BILASPUR NEWS. सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। महज 200 रुपये के मोबाइल रीचार्ज की समस्या का फायदा उठाकर साइबर ठगों ने एक सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी के बैंक खाते से 77 हजार रुपये निकाल लिए। आरोपी ने खुद को एयरटेल कंपनी का कर्मचारी बताकर व्हाट्सएप पर फर्जी APK फाइल भेजी, जिसे डाउनलोड करते ही पीड़ित के मोबाइल का रिमोट एक्सेस ठग के हाथ लग गया। पुलिस ने मामले में धारा 318(4) बीएनएस एवं 66डी आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, अन्नपूर्णा कॉलोनी (गणेश नगर) निवासी रबिन्द्रनाथ घोष वर्ष 2024 में भारतीय रेलवे से सेवानिवृत्त हुए हैं। 19 जुलाई को उन्होंने गूगल पे के माध्यम से अपने एयरटेल नंबर पर 200 रुपये का रीचार्ज कराया, लेकिन तकनीकी कारणों से वह सफल नहीं हुआ। अगले दिन वे लिंक रोड स्थित एयरटेल स्टोर पहुंचे, जहां उन्हें रात 12 बजे तक इंतजार करने की सलाह दी गई।

इसी दौरान 20 जुलाई की शाम करीब 4 बजे उनके पास एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को एयरटेल का कस्टमर सपोर्ट कर्मचारी बताते हुए रीचार्ज की समस्या दूर करने का भरोसा दिलाया। उसने व्हाट्सएप पर ‘कस्टमर सपोर्ट APK’ नाम की फाइल भेजी और उसे इंस्टॉल करने को कहा। जैसे ही पीड़ित ने फाइल डाउनलोड की, ठग ने मोबाइल का रिमोट एक्सेस हासिल कर लिया।

इसके बाद आरोपी ने गूगल पे की ट्रांजैक्शन हिस्ट्री खुलवाई और कुछ ही मिनटों में खाते से पहले 38 हजार रुपये तथा फिर 39 हजार रुपये ट्रांसफर कर कुल 77 हजार रुपये पार कर दिए।

धोखाधड़ी का पता चलते ही रबिन्द्रनाथ घोष ने तत्काल एसबीआई की तितली चौक शाखा पहुंचकर अपना बैंक खाता फ्रीज कराया और एटीएम कार्ड ब्लॉक करवाया। इसके बाद राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल और सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबर के आधार पर साइबर जांच शुरू कर दी है।






































