झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। बड़ागांव थाना क्षेत्र में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक ने अपनी प्रेमिका के सामने मंदिर परिसर में आत्महत्या की कोशिश की। प्रेमिका उसे लगातार रोकती रही, लेकिन युवक ने उसकी बात नहीं मानी। पेड़ से छलांग लगाने के दौरान फंदा टूट गया और वह नीचे पत्थरों पर गिर पड़ा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मंदिर परिसर में हुआ दर्दनाक हादसा
घटना बिरगुवां गांव की है। मृतक की पहचान 42 वर्षीय लखन आदिवासी के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के जैरा खास गांव का रहने वाला था। वह पिछले कुछ समय से अपनी लिव-इन पार्टनर लक्ष्मी के साथ झांसी में किराए के मकान में रहकर मजदूरी करता था।

पति को छोड़ प्रेमी के साथ रहने लगी थी महिला
लक्ष्मी ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी करीब 20 साल पहले हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं। पति की मारपीट से परेशान होकर करीब तीन साल पहले वह लखन के साथ रहने लगी। दोनों ग्वालियर, मुंबई समेत कई शहरों में मजदूरी करते रहे और करीब 15 दिन पहले झांसी आए थे।

शराब को लेकर हुआ था विवाद
लक्ष्मी के मुताबिक, लखन शराब पीने का आदी था। घटना वाले दिन उसने जूते खरीदने के लिए पैसे लिए, लेकिन शराब पीकर लौट आया। इसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। कुछ देर बाद वह शौच जाने की बात कहकर घर से निकल गया।

रोकती रही प्रेमिका, फिर भी लगा दी छलांग
काफी देर तक वापस नहीं आने पर लक्ष्मी उसकी तलाश में निकली। मंदिर परिसर में उसने लखन को पेड़ पर चढ़कर गमछे से फंदा बनाते देखा। उसने रोते हुए उसे नीचे उतरने और ऐसा कदम न उठाने की गुहार लगाई, लेकिन लखन ने गले में फंदा डालकर छलांग लगा दी।

हालांकि, छलांग लगाते ही गमछा टूट गया और वह नीचे पड़े पत्थरों पर जा गिरा। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही बड़ागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





































