KANKER NEWS. कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र में हुई करीब 10 लाख रुपये की चोरी की गुत्थी पुलिस ने महज 72 घंटे में सुलझा ली। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वारदात को किसी बाहरी बदमाश ने नहीं, बल्कि पीड़ित परिवार के पड़ोसी ने ही अंजाम दिया था। पुलिस ने तकनीकी जांच, मुखबिर की सूचना और 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का अधिकांश सामान बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, चारामा के वार्ड क्रमांक-02 निवासी रमेश मेश्राम अपने परिवार के साथ निजी कार्य से धमतरी गए हुए थे। इसी दौरान उनके सूने मकान को निशाना बनाते हुए आरोपी ने पीछे के दरवाजे से घर में प्रवेश किया और अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी सहित करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर फरार हो गया। 17 जुलाई को पड़ोसियों से सूचना मिलने पर रमेश मेश्राम घर पहुंचे, जहां चोरी का पता चला।


मामले की सूचना मिलते ही चारामा पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर संदेही पड़ोसी पवन सोनकर को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान पवन सोनकर ने निजी स्वार्थ के चलते चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा अन्य सामान बरामद कर लिया। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।






































