DAUSA NEWS दौसा। राजस्थान के दौसा जिले में प्रेम विवाह को लेकर खाप पंचायत के फैसले ने एक बार फिर सामाजिक व्यवस्था और व्यक्तिगत स्वतंत्रता को लेकर बहस छेड़ दी है। यहां प्रेम विवाह करने वाले एक जोड़े के परिवार पर खाप पंचायत ने 21 लाख रुपये का जुर्माना लगा दिया। इतना ही नहीं, जुर्माना नहीं चुकाने पर परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर हुक्का-पानी बंद करने की चेतावनी भी दी गई है। मामले के बाद नवविवाहिता ने वीडियो जारी कर पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है।

जानकारी के मुताबिक, मामला दौसा जिले के रामगढ़ पचवारा क्षेत्र का है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि युवक कमलेश मीणा और युवती ने अपनी मर्जी और सहमति से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद 84 गांवों की खाप पंचायत बुलाई गई, जिसमें इस शादी का विरोध किया गया और परिवार पर 21 लाख रुपये का जुर्माना लगाने का निर्णय सुनाया गया।

परिजनों का कहना है कि पंचायत के दौरान उन्हें अपनी बात रखने का पूरा अवसर नहीं दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत में उन पर दबाव बनाया गया और विरोध करने पर सामाजिक दंड सुनाया गया।

इधर, नवविवाहिता ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर स्पष्ट किया है कि उसने अपनी इच्छा से प्रेम विवाह किया है। उसने कहा कि उसका न तो अपहरण हुआ है और न ही उस पर किसी प्रकार का दबाव बनाया गया। युवती ने यह भी कहा कि वह अपनी मर्जी से पति के साथ रह रही है।

युवती ने अपने मायके और ससुराल पक्ष के कुछ लोगों से जान का खतरा बताते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। पुलिस का कहना है कि युवती की ओर से सुरक्षा संबंधी आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें पाबंद किया गया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही, खाप पंचायत के फैसले और उससे जुड़े सभी पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।





































